कानपुर। खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी कानपुर नगर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शहर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए मिलावट के संदेह में 8 खाद्य नमूनों को संग्रहित किया और ₹81,300 से अधिक मूल्य का कुट्टू आटा व साबुत कुट्टू सीज किया।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने पनकी स्थित ‘वामदेव प्रोडक्ट’ के प्रतिष्ठान पर औचक निरीक्षण किया। यहाँ से गुणवत्ता में संदेह होने पर हल्दी पाउडर, सेंधा नमक और बुकुनू के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए।
इसके बाद टीम ने बिधनू स्थित हमीरपुर रोड पर ‘गौरव इंटरप्राइजेज’ पर छापा मारा। यहाँ कुट्टू के आटे का नमूना लेते हुए 90 किलोग्राम कुट्टू आटा (अनुमानित कीमत ₹28,800) और 350 किलोग्राम साबुत कुट्टू (अनुमानित कीमत ₹52,500) को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
कार्रवाई की कड़ी में रतनलाल नगर स्थित ‘इंस्टाकार्ट’ के गोदाम से कुट्टू के आटे का एक और सिंघाड़ा आटे के दो नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, कलेक्टरगंज स्थित घी मंडी से शुद्धता की जांच हेतु घी का एक नमूना लिया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि संग्रहित किए गए सभी 8 नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात मिलावटखोरों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
