कानपुर (बीपीएस न्यूज): पटकापुर स्वच्छता समिति के तत्वावधान में आयोजित गणेश महोत्सव में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने देशभक्ति और पौराणिक वीर गाथाओं पर आधारित अपनी बहुमुखी प्रतिभा और कला का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में बच्चों के साथ आए अभिभावकों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का जमकर आनंद उठाया।

उत्सव की शुरुआत क्षेत्रीय निवासियों द्वारा सामूहिक हवन-पूजन के साथ हुई। इसके बाद भगवान श्री गणेश की महाआरती की गई, जिससे पूरा परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। आरती के उपरांत भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, वहीं दोपहर बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार अस्थाना ने बताया कि शनिवार को महोत्सव का समापन होगा, जिसके अंतर्गत विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से पटकापुर स्वच्छता समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार अस्थाना, उपाध्यक्ष गीता पांडे, संरक्षक कमल चंद बाजपेई व रमेश चंद बाजपेई, महामंत्री दीपक निगम, मंत्री पारसनाथ शुक्ला, मनीष अस्थाना, रानी त्रिवेदी तथा सदस्य विक्की जायसवाल, विजय निगम, ओमप्रकाश गुप्ता मौजूद रहे। इसके अलावा अंजनी भक्त मंडल के विक्रम अवस्थी, मनोज उपाध्याय, राजकमल सिंह, सतीश चंद्र शर्मा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
