लगातार खिल रही धूप के बाद अब जल्द ही गर्मियां आने वाली हैं और गर्मियों में कोल्ड ड्रिंक की डिमांड बढ़ जाती है। लोग इसे गैस कम करने और ठंडक के लिए पीते हैं, लेकिन क्या आपको पता है ये आपकी सेहत के लिए अच्छा है या नहीं? खासकर लोग खाना खाने के बाद कोल्ड ड्रिंक पीना पसंद करते हैं, लेकिन क्या आपको पता है ये हमारी सेहत के लिए काफी नुकसानदायक है। क्योंकि बोतलबंद कोल्ड ड्रिंक्स में मौजूद ज्यादा शक्कर और फ्रक्टोज लिवर पर भारी पड़ता है।
इसको लेकर एक रिसर्च भी हुई है, JAMA जर्नल में प्रकाशित Women’s Health Initiative स्टडी (2023) में 98,000 से ज्यादा पोस्टमेनोपॉज महिलाओं पर अध्ययन किया गया। इसमें पाया गया कि रोजाना एक या ज्यादा शुगर-स्वीटेड ड्रिंक पीने वाली महिलाओं में लिवर कैंसर का जोखिम 85 प्रतिशत तक बढ़ जाता है। क्रॉनिक लिवर डिजीज से मौत का खतरा भी 68 प्रतिशत ज्यादा होता है। यह स्टडी 20 साल से ज्यादा चली।
रोज एक कैन ड्रिंक पीने वालों को बड़ा खतरा
अन्य स्टडीज भी बताती हैं कि रोजाना एक कैन डाइट या शुगर वाली ड्रिंक भी नॉन-एल्कोहॉलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD या MASLD) का खतरा 50-60 प्रतिशत तक बढ़ा सकती है। फ्रक्टोज लिवर में फैट जमा करता है, जो सूजन और आगे चलकर सिरोसिस या कैंसर का कारण बन सकता है।
महिलाओं में ज्यादा खतरा क्यों?
रिसर्च के मुताबिक, महिलाएं पुरुषों की तुलना में ज्यादा कोल्ड ड्रिंक पीती हैं, जिससे उनका लिवर ज्यादा प्रभावित होता है। हार्मोनल बदलाव और शरीर की संरचना के कारण महिलाओं में शुगर का असर तेज होता है। इससे हार्मोन संबंधी समस्याएं बढ़ने लगती है।
पाचन धीमा होता है: ठंडा ड्रिंक पेट में फैट को सॉलिड कर सकता है, जिससे ब्लोटिंग और एसिडिटी बढ़ती है।
लिवर पर बढ़ता है बोझ: फ्रक्टोज सीधे लिवर में जाता है, फैट जमा करता है।
बैली फैट और कई बीमारियां: इससे डायबिटीज, हार्ट अटैक और हाई ब्लड प्रेशर का खतरा बढ़ता है।
दिन में कई बार पीने से NAFLD का जोखिम कई गुना बढ़ जाता है।
डॉक्टर ज्यादा शुगर वाली ड्रिंक्स से बचने की सलाह देते हैं। खाना खाने के बाद पानी, नींबू पानी या हर्बल चाय बेहतर ऑप्शन हैं। अगर आपको भी कोल्ड ड्रिंक पीने की आदत है तो धीरे-धीरे कम करें। इस आदत को संतुलित आहार लेकर और थोड़ी एक्सरसाइज करके कम किया जा सकता है, इससे आपका लिवर स्वस्थ रहेगा।
यह जानकारी अलग अलग स्टडीज और स्वास्थ्य जर्नल्स पर आधारित है। व्यक्तिगत सलाह के लिए डॉक्टर से संपर्क करें।
