16 से 30 नवंबर तक आमजन स्वयं कर सकेंगे अपनी जनगणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

  • जनसंख्या गणना में लगाए जाएंगे 10,467 प्रगणक एवं सुपरवाइजर, चार जनवरी तक चलेगा घर-घर गणना कार्य
  • प्रत्येक व्यक्ति की होगी गणना, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रेसवार्ता में दी जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की जानकारी

कानपुर। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की तैयारियों एवं निर्धारित कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने आज मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि जनपद में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आमजन स्वगणना के माध्यम से अपनी एवं परिवार के सदस्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्य को संपन्न कराने के लिए जनपद में कुल 10,467 प्रगणक एवं सुपरवाइजर लगाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसंख्या गणना के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद आठवीं जनगणना है। पहली बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य जनसंख्या की सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति से संबंधित प्रामाणिक आंकड़ों का संकलन करना है। ये आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के आवंटन तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद कानपुर नगर में 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपन्न कराया जा चुका है। अब द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जनसंख्या गणना तथा पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।

स्वगणना के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 में आमजन को पहली बार स्वगणना की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अंतर्गत कोई भी परिवार निर्धारित अवधि में https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकता है। ऑनलाइन विवरण प्रस्तुत करने के बाद एक विशिष्ट पहचान संख्या प्राप्त होगी, जिसे घर आने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। प्रगणक इस संख्या के आधार पर दर्ज विवरण का सत्यापन करेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वगणना की सुविधा वैकल्पिक है। जो परिवार ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, उनकी गणना निर्धारित अवधि में घर पहुंचने वाले प्रगणकों द्वारा की जाएगी। इसके लिए प्रगणकों को डिजिटल माध्यम से जानकारी संकलित करने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

40 प्रश्नों में दर्ज होगी परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी

जिलाधिकारी ने बताया कि जनसंख्या गणना के अंतर्गत निर्धारित प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न शामिल हैं। इनमें परिवार के प्रत्येक सदस्य का नाम, आयु, लिंग, जन्मतिथि, जन्मस्थान, वैवाहिक स्थिति, परिवार के मुखिया से संबंध, धर्म, मातृभाषा एवं अन्य भाषाओं की जानकारी, शैक्षिक योग्यता, साक्षरता, विद्यालय अथवा शिक्षण संस्थान में उपस्थिति, रोजगार एवं आजीविका से जुड़ी गतिविधियों तथा कार्य की प्रकृति से संबंधित विवरण संकलित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त जन्मस्थान एवं वर्तमान निवास स्थान, पूर्व निवास, प्रवासन के कारण, दिव्यांगता संबंधी विवरण, महिलाओं से संबंधित निर्धारित जनसांख्यिकीय जानकारी तथा बैंकिंग सुविधाओं तक पहुंच जैसे विषय भी प्रश्नावली में शामिल हैं। इन जानकारियों से जनसंख्या की संरचना, शिक्षा, रोजगार, प्रवासन एवं अन्य सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों का समग्र आकलन किया जा सकेगा।

जनगणना में दी गई व्यक्तिगत जानकारी रहेगी गोपनीय

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के दौरान प्राप्त व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। जनगणना अधिनियम, 1948 के अंतर्गत व्यक्तिगत जनगणना अभिलेखों को कानूनी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही किसी भी व्यक्ति को बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम अथवा यूपीआई पिन और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी न दें।

जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से जनगणना के निर्धारित कार्यक्रम, स्वगणना की प्रक्रिया तथा जनभागीदारी के महत्व का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करने में सभी का सहयोग आवश्यक है। आमजन स्वगणना की सुविधा का लाभ उठाएं और घर आने वाले प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।

प्रेसवार्ता के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने भी जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों एवं विभिन्न प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी साझा की। इस अवसर पर सहायक निदेशक, जनगणना दिनेश कुमार यादव ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनसंख्या गणना की समय-सारिणी, स्वगणना की प्रक्रिया तथा घर-घर गणना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। प्रेसवार्ता में सहायक जिला प्रभारी हिमांशु शुक्ला भी उपस्थित रहे।

जनगणना संबंधी सहायता एवं समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन

  • राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर : 1855
  • व्हाट्सएप चैटबॉट : 18001801855

जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता अथवा समस्या के समाधान के लिए आमजन राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं। व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से भी जनगणना संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यदि किसी कारणवश किसी व्यक्ति अथवा परिवार की गणना नहीं हो पाती है, तो इसकी सूचना भी हेल्पलाइन पर दी जा सकती है। संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनकी गणना सुनिश्चित कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
यूपी तक चक्रवात 'अर्नब' का असर, कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना .... दो पैनकार्ड मामले में आजम खान और बेटे अब्दुल्ला को हाईकोर्ट से मिली जमानत, तो क्या अब लड़ पाएंगे 2027 का चुनाव? | 'कोर्ट का अपमान करने का इरादा नहीं था...', SC की सख्ती के बाद झुके संजय राउत, बिना शर्त CJI से मांगी माफी .. UP MLC Election: 11 में से 5 सीटें जीतकर सपा मजबूत, Akhilesh बोले- 2027 की नींव तैयार |      प्रदर्शन-हिंसक आंदोलन में शामिल हुए तो यूपी में नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी, चरित्र प्रमाण पत्र को लेकर योगी सरकार ने बदले नियम ..... Andaman Nicobar में 5.1 तीव्रता का भूकंप, जान-माल के नुकसान की खबर नहीं | Tiger Shroff फायरिंग में लगा MCOCA, कोर्ट ने 11 आरोपियों को 6 नवंबर तक Police रिमांड में भेजा ....................... IMD ने UP में जारी किया Orange Alert, भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
Advertisement ×