- दुकानदारों के समर्थन में बुलंद की आवाज
कानपुर। त्योहारों में ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन से खुदरा व्यापार पर पड़ रहे असर और दुकानदारों को हो रहे नुकसान के खिलाफ आज कानपुर महानगर कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में मेस्टन रोड,शिवाला बाजार, टोपी बाजार आदि क्षेत्रों में पदयात्रा निकालकर स्थानीय दुकानदारों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इस दौरान ‘चौपट होता खुदरा व्यापार, कारण ई-व्यापार’ के नारे लगाए गए।
जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते आकर्षण के बीच छोटे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। त्योहारों की असली रौनक हमारे बाजारों और दुकानदार भाइयों से है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि ऑनलाइन शॉपिंग छोड़ें, घरों से निकलें और कानपुर के बाजारों से खरीदारी कर स्थानीय व्यापारियों की रोजी-रोटी बचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि खुदरा व्यापार पर संकट का मतलब हजारों परिवारों की आजीविका पर संकट है। कांग्रेस स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर संघर्ष करती रहेगी। पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। दुकानदारों ने कांग्रेस की इस पहल की सराहना की।
