कानपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कानपुर नगर के निर्देश पर नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कल्याणपुर के ग्राम भगवन्तपुर सचेंडी में मलेरिया के प्रकरण के दृष्टिगत स्वास्थ्य कैंप का निरीक्षण किया। टीम ने बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन एवं अन्य निरोधात्मक गतिविधियों का सत्यापन किया और लोगों को मच्छरजनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया। ब्लॉक बिधनू में आगामी फाइलेरिया कार्यक्रम के लिए सीएचओ को प्रशिक्षण भी दिया गया।
तिवारीपुर, पटकापुरवा, दानाखोरी, कुरुसवां एवं विकास नगर में डेंगू के प्रकरण सामने आने पर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई कराई गई। विभिन्न क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशक छिड़काव एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों से घरों व आसपास पानी जमा न होने देने, जलभराव समाप्त करने, मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करने तथा शरीर को ढककर रखने की अपील की गई। तिवारीपुर-2 सहित विभिन्न क्षेत्रों में 627 घरों और 5,783 पात्रों का सर्वेक्षण कर 11 लार्वा धनात्मक घरों की पहचान की गई तथा 18 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया।
संचारी रोगों से संबंधित सूचना या जानकारी के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 तथा नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2526004 एवं 2526005 पर संपर्क किया जा सकता है।
