कानपुर। कलक्टरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क पार कर रहे एक मजदूर को तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गई। हादसा इतना भीषण था कि मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यदर्शियों की माने तो हादसा कलक्टरगंज थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुआ। हादसे के बाद मौके पर लोगों और स्थानीय दुकानदारों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में हैलट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान प्रतापगढ़ जिले के इसीपुर 48 वर्षीय निवासी धीरेन्द्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। धीरेन्द्र के पिता राम सिंह किसान हैं। धीरेन्द्र परिवार में सबसे बड़े बेटे थे और कानपुर में रहकर मजदूरी के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दूसरे भाई वीरेंद्र मुंबई में नौकरी करते हैं और तीसरे भाई रामेन्द्र गांव में पिता के साथ खेती में हाथ बंटाते हैं। धीरेन्द्र की मां पुष्पा सिंह का करीब एक साल पहले बीमारी के कारण निधन हो चुका था। शुक्रवार दोपहर धीरेन्द्र कलक्टरगंज के दालमंडी क्षेत्र में काम कर रहे थे और किसी काम से सड़क पार करते समय इस हादसे का शिकार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस और स्थानीय दुकानदारों ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। शनिवार को परिजन कानपुर पहुंचे और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी के अनुसार का कहना है कि अभी तक परिजनों की तरफ से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद पिकअप के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है और फरार चालक की तलाश कर रही है।
