हैदराबाद में एक आर्मी से रिटायर्ड शख्स ने अपनी पत्नी का बेहरहमी के साथ कत्ल कर दिया. बात सिर्फ यहीं खत्म नहीं हुई, उसने बाद में पत्नी की लाश के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और फिर उन्हें प्रेशर कुकर में पकाकर झील में फेंक दिया. यह बात खुद आरोपी ने कबूल की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के दावों की पुष्टि और हर ऐंगल से मामले की आगे जांच की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक पिछले कई दिनों से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा देखने को मिल रहा था. 18 जनवरी को माधवी लापता हो गई और मूर्ति ने अपने परिवार के सदस्यों को इसकी सूचना दी, जिन्होंने मीरपेट पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. मूर्ति अपने ससुराल वालों के साथ शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन गया और अपनी पत्नी के ठिकाने के बारे में कुछ न जानने की एक्टिंग की.
यहां तक कि अपनी तलाश को करने के लिए शुरुआत में उसने पुलिस की मदद भी की. हालांकि बाद में पुलिस को शक हुआ तो मूर्ति को ही पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया. इस दौरान उसने खुद पत्नी का कत्ल करने की बात कबूल की. जब लाश के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि उसने टुकड़े करने के बाद प्रेशर कुकर में उबाल दिया और जिल्लेलागुडा में एक झील में फेंक दिया.
