कानपुर। आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने जाजमऊ पुल को 90 दिनों तक बंद रखकर किए जा रहे मरम्मत कार्य पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कहा कि यह पुल अत्यंत महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। विशेष रूप से कानपुर-उन्नाव के बीच प्रतिदिन नौकरी एवं रोजगार के लिए आवागमन करने वाले बड़ी संख्या में कामगार, कर्मचारी एवं श्रमिक इस मार्ग पर निर्भर हैं। 90 दिनों तक पुल बंद रहने से उन्हें अतिरिक्त दूरी, समय और आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ेगा।
विधायक अमिताभ बाजपेई ने मांग रखते हुए कहा मरम्मत कार्य की 90 दिनों की समय-सीमा को कम किया जाए और कार्य को शुद्धता के साथ शीघ्र पूरा किया जातथा अतिरिक्त मैनपावर, मशीनरी और शिफ्ट बढ़ाकर कार्य में तेजी लाई जाए साथ ही कार्य की दैनिक प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए – रोज बताया जाए कि कितना काम हुआ और कितना शेष है।
उन्होंने कहा पुल बंद रहने की अवधि में वैकल्पिक यातायात (डायवर्सन) व्यवस्था को प्रभावी और सुचारू बनाया जाए ताकि आम नागरिकों को न्यूनतम परेशानी हो।इस संबंध में जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि वे इस विषय पर N.H.A.I. के अधिकारियों से बात करके ठोस कार्रवाई करेंगे।
विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा, “जनता विकास कार्यों का स्वागत करती है, लेकिन ऐसे महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग को लंबे समय तक बंद रखने से होने वाली परेशानी को भी गंभीरता से लिया जाना आवश्यक है। गुणवत्ता से समझौता किए बिना कार्य को यथासंभव कम समय में पूरा किया जाना चाहिए।
