कानपुर। अमर शहीद, महान पत्रकार एवं स्वतंत्रता सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी जी की जयंती के अवसर पर आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने नरोना चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी जी केवल एक महान पत्रकार ही नहीं, बल्कि सत्य, निर्भीकता, सामाजिक न्याय और सांप्रदायिक सद्भाव के सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को निर्भीकता से चुनौती दी और समाज के वंचित, शोषित एवं पीड़ित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जी ने पत्रकारिता को जनहित और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। सांप्रदायिक सद्भाव और इंसानियत की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर उन्होंने देश के सामने त्याग, साहस और मानवता की अद्वितीय मिसाल प्रस्तुत की।
विधायक ने कहा कि आज के समय में गणेश शंकर विद्यार्थी जी के विचार और आदर्श और भी अधिक प्रासंगिक हैं। सत्य के प्रति निष्ठा, अन्याय के विरुद्ध आवाज और सामाजिक सद्भाव के लिए निरंतर प्रयास करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर पार्षद रजत बाजपेई, वरिष्ठ नेता अवधेश जायसवाल टिल्लू, पप्पन शर्मा, चंकी गुप्ता, निसार अहमद, मोहम्मद शकील, रियाज अहमद, प्रशांत मोहन जायसवाल, दुर्गेश चक, आशीष शुक्ल शिब्बू, मर्फी, पुण्य जैन, जितेंद्र जायसवाल, कीर्तिमान अवस्थी, सैफ, गगन दीक्षित, रवि पांडे, निहाल, विस्सू यादव, आकाश यादव, दीपांशु पांडे आदि मौजूद रहे।
