- खाद्य सुरक्षा विभाग ने कराया नष्ट
कानपुर (बीपीएस न्यूज)। त्योहारी और सहालग के मौसम में आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने गोविंद नगर सी-ब्लॉक स्थित संदीप गुप्ता के परिसर में अचानक छापेमारी कर भारी मात्रा में अस्वास्थ्यकर स्थिति में रखा खोया जब्त किया।
गंदे कपड़ों में लपेटकर रखा गया था खोया
विभागीय सूत्रों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गोविंद नगर सी-ब्लॉक में संदीप गुप्ता के परिसर में भारी मात्रा में मिलावटी व दूषित खोया एकत्र किया गया है। सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने पाया कि लगभग 1 क्विंटल 20 किलो खोया बेहद गंदे कपड़ों में लपेटकर अत्यंत अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखा हुआ था।
सैंपल भरकर 39 हजार का खोया कराया विनष्ट
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही नियम अनुसार जांच हेतु खोए का एक नमूना (सैंपल) संग्रहित किया। इसके बाद शेष बचे लगभग 39,000 रुपये कीमत के दूषित खोए को जनस्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक मानते हुए तुरंत कब्जे में ले लिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब्त खोए को गोविंद नगर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट ले गई, जहाँ उसे अधिकारियों की देखरेख में पूरी तरह से विनष्ट (नष्ट) करा दिया गया।
सैंपल फेल होने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि संग्रहित किए गए नमूने को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है। लैब रिपोर्ट में मिलावट या अधोमानक की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI Act) की सुसंगत धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
