कानपुर। थाना चकेरी क्षेत्रान्तर्गत श्यामनगर स्थित एक मकान में चोरी के उद्देश्य से घुसे दो व्यक्तियों को घर की महिलाओं द्वारा शोर मचाए जाने पर मौके से भागना पड़ा था। घटनास्थल के पास से उनके द्वारा छोड़े गए लोहे की रॉड, कटर मशीन, कपड़े आदि सामान बरामद किए गए थे।
सहायक पुलिस आयुक्त चकेरी आशुतोष कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि प्रकरण की गहन विवेचना एवं पूछताछ के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि दोनों अभियुक्तों का पीड़ित परिवार की एक महिला से पूर्व परिचय एवं मित्रता थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इसी परिचय का लाभ उठाकर चोरी की घटना की योजना बनाई गई थी।
उक्त प्रकरण में साक्ष्यों के आधार पर 26 जुलाई को पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के साथ संबंधित महिला को भी गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
