सवारों ने कूदकर बचाई जान
कानपुर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र में ढूकापुर स्थित नेशनल हाईवे पर एक लग्जरी कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना पुण्यवादा टोल प्लाजा से चंद कदम की दूरी पर हुई। कार में आग लगते ही उसमें सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते कार से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। हाईवे से गुजर रहे राहगीरों की नजर जब जलती हुई कार पर पड़ी तो मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। घटना के चलते आसपास के क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा।
कार में आग लगने की सूचना पर स्थानीय लोगों ने स्थिति पर नजर रखी। गनीमत रही कि कार सवार समय रहते बाहर निकल आए और किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों और उससे हुए नुकसान की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
