कानपुर। नगर के थाना रावतपुर क्षेत्र अंतर्गत मसवानपुर स्थित ब्रह्मदेव चौराहे के पास एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में शटरिंग खोलने के दौरान एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक लोहे की रॉड (सब्बल) से शटरिंग खोल रहा था। इसी दौरान बिल्डिंग के बगल से गुजर रही हाई टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में लोहे की रॉड आ गई। करंट लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया और उसके शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह जल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बिजली का शटडाउन लेकर युवक को वहां से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में हाई टेंशन लाइन के कारण पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक एहतियाती उपायों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
