अभिनय, डांस और फैशन की दुनिया में अपनी प्रतिभा के बलबूते पर अपनी अलग पहचान बना रही अदाकारा मूनमून चक्रवर्ती इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘बिजली का लट्टू’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अदाकारा, शानदार डांसर और प्रतिभाशाली कॉस्ट्यूम डिजाइनर मूनमून चक्रवर्ती की हिंदी फीचर फिल्म ‘बिजली का लट्टू’ हाल ही में दूरदर्शन के प्रसार भारती के वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई है। फिल्म में मूनमून का डांस आइटम सॉन्ग ‘ज़िद्दी है सैंया मोरे’ दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। इस गाने में उनके साथ संजय पांडे भी नजर आते हैं। केशव केडिया एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन धीरू यादव ने किया है। फिल्म में राजेश राय मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर मूनमून काफी उत्साहित और खुश हैं। मूनमून चक्रवर्ती सिर्फ अभिनय और डांस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि फैशन और कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई है।
उनकी शानदार डिजाइनिंग प्रतिभा के लिए उन्हें मुंबई ग्लोबल की ओर से बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइनर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। डांस मूनमून का जुनून और पैशन है। माधुरी दीक्षित और प्रियंका चोपड़ा उनकी पसंदीदा कलाकार हैं, वहीं डांसर पेरी शीतल को भी वह बेहद पसंद करती हैं। उनका मानना है कि कला के किसी भी क्षेत्र में जुनून और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ा जाए तो मंजिल हासिल की जा सकती है। मूनमून इससे पहले बंगाली फिल्म में भी काम कर चुकी हैं। अब उनके प्रशंसकों को जल्द ही उन्हें एक साउथ फिल्म में देखने का मौका मिलेगा। इसके अलावा एक बंगाली फिल्म को लेकर भी बातचीत चल रही है। वहीं अभिनेता अपारशक्ति खुराना के साथ भी मूनमून जल्द नजर आएंगी।
डांस की ऊर्जा, अभिनय का आत्मविश्वास और फैशन की समझ—मूनमून चक्रवर्ती लगातार अपनी बहुमुखी प्रतिभा के नए रंग दर्शकों के सामने पेश कर रही हैं। ‘बिजली का लट्टू’ के बाद अब उनकी आने वाली फिल्मों और नए प्रोजेक्ट्स का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। अपने काम और भविष्य की योजनाओं को लेकर मूनमून कहती हैं, “कोई भी काम हो, उसे पूरे दिल से और इंजॉय करते हुए करना चाहिए। खुद पर विश्वास रखिए, क्योंकि अगर आत्मविश्वास और मेहनत साथ हो तो कुछ भी असंभव नहीं है।”
प्रस्तुति: काली दास पाण्डेय
