कानपुर। नवरात्रि के पावन पर्व पर नारी शक्ति के सम्मान एवं महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत महिला यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात का संचालन किया जा रहा है।
अभियान में एनसीसी गर्ल्स विंग की छात्राएँ भी सक्रिय सहभागिता कर रही हैं। उन्हें यातायात नियमों, संकेतों एवं सुरक्षित यातायात संचालन की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जा रही है, जिससे वे यातायात व्यवस्था को समझने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी हो सकें। पुलिस उपायुक्त यातायात अभय नाथ त्रिपाठी ने कहा यह पहल यातायात जागरूकता, सड़क सुरक्षा एवं नारी शक्ति के आत्मविश्वास को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
