- जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने की छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा, शिक्षण संस्थानों को समयबद्ध सत्यापन के निर्देश
कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में आज सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के सत्यापन एवं अग्रसारण की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थान आवेदन पत्रों का सत्यापन निर्धारित समयसीमा में पूरा करें, जिससे पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय से मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्गों के विद्यार्थियों की शिक्षा में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करती है। किसी भी पात्र विद्यार्थी को सत्यापन में अनावश्यक विलंब के कारण योजना के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने तथा अभिलेख संबंधी त्रुटियों का नियमानुसार समाधान कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर सत्यापन एवं अग्रसारण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र विद्यार्थियों को शासन की मंशा के अनुरूप समय से छात्रवृत्ति का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी वीरपाल तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
