- 19 नवंबर से चार ब्लॉकों में शुरू होगा एमडीए अभियान, 6.77 लाख पात्र लोगों को खिलाई जाएगी दवा
कानपुर। फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जनपद के चार ब्लॉकों बिधनू, ककवन, चौबेपुर और बिल्हौर में 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्था सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफॉर) के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को एक होटल में मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीदत्त नेमि के निर्देशन में संपन्न हुआ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीदत्त नेमि ने बताया कि जनपद के इन चार ब्लॉकों में फाइलेरिया के कुल 571 मरीज हैं, जिनमें लिम्फेडेमा के 470 और हाइड्रोसील के 101 मरीज शामिल हैं। अभियान के तहत ट्रिपल ड्रग थेरेपी (आईडीए) के अंतर्गत आइवरमेक्टिन, डीईसी और एल्बेंडाजोल दवाएं खिलाई जाएंगी। इन दवाओं के सेवन से शरीर में मौजूद फाइलेरिया के परजीवियों को समाप्त करने और संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिलती है। अभियान के दौरान करीब 6.77 लाख पात्र लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 90 सुपरवाइजर और 1,084 दवा प्रदाताओं की तैनाती की गई है। कुल 542 दो सदस्यीय टीमें बनाई गई हैं। स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण, दवाओं की उपलब्धता और अभियान की नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जो शरीर के लसीका तंत्र को प्रभावित करता है। संक्रमण के 10 से 15 वर्ष बाद भी इसके लक्षण दिखाई दे सकते हैं। समय पर बचाव और उपचार न होने पर हाथ-पैरों में असामान्य सूजन (लिम्फेडेमा), हाइड्रोसील सहित कई दीर्घकालिक समस्याएं हो सकती हैं, जिससे व्यक्ति का सामाजिक और आर्थिक जीवन प्रभावित होता है।
उन्होंने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम मुख्य रूप से दो रणनीतियों पर आधारित है। पहली सर्वजन दवा सेवन (एमडीए), जिसके तहत सभी पात्र लोगों को दवा खिलाकर संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने का प्रयास किया जाता है। दूसरी रुग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता रोकथाम (एमएमडीपी) है। इसके अंतर्गत फाइलेरिया से प्रभावित मरीजों को अंगों की नियमित सफाई, स्वच्छता, व्यायाम और उचित देखभाल के बारे में जानकारी दी जाती है। आवश्यकता पड़ने पर हाइड्रोसील सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने सभी पात्र लोगों से अभियान के दौरान दवा का सेवन करने की अपील की। फाइलेरिया संबंधी जानकारी के लिए जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह के मोबाइल नंबर 9452122959 तथा टोल फ्री नंबर 104 पर संपर्क किया जा सकता है।
कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमित रस्तोगी ने बताया कि अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए गांवों और मोहल्लों में रैलियां, गोष्ठियां एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों में क्विज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी बच्चों को जागरूक किया जा रहा है। आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की भ्रांतियों एवं आशंकाओं को दूर करते हुए उन्हें दवा सेवन के लिए प्रेरित कर रही हैं। इस अभियान में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), पाथ, प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई) और सीफॉर जैसी संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम प्रधानों, कोटेदारों, स्वयं सहायता समूहों, रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) के सदस्यों, स्वयंसेवकों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा गया है। इसके साथ ही पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा विभाग तथा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का सहयोग लिया जा रहा है। ग्राम प्रधानों और कोटेदारों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि वे डर एवं भ्रांतियों के कारण दवा का सेवन न करने वाले लोगों को भी जागरूक कर सकें।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को फाइलेरिया रोधी दवा नहीं दी जाएगी। इसके अलावा प्रसव के एक सप्ताह के भीतर की धात्री महिलाओं को भी दवा नहीं खिलाई जाएगी। दवा भोजन करने के बाद प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी की मौजूदगी में दी जाएगी और लाभार्थी को दवा उनके सामने ही खानी होगी। दवा सेवन के बाद कुछ लोगों को उल्टी, चक्कर, खुजली या जी मिचलाने जैसे हल्के एवं अस्थायी लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क करना चाहिए। इसके लिए जनपद में रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) का गठन किया गया है।
कार्यशाला में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष वर्मन ने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में मेडिकल कॉलेज की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं सीएचओ-पीएसपी सदस्य एवं फाइलेरिया मरीज महेंद्रनाथ ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह लोगों को फाइलेरिया से बचाव और दवा सेवन के लिए जागरूक करते हैं। उन्होंने कहा कि पीएसपी से जुड़ने का उनका उद्देश्य है कि जिस तरह का जीवन उन्हें बीमारी के कारण जीना पड़ा, वैसी परेशानी किसी अन्य व्यक्ति को न उठानी पड़े।
रमईपुर निवासी स्वास्थ्य सखी किरन ने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन में स्वास्थ्य विभाग के साथ समुदाय की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। वह आशा कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर लोगों को बीमारी के जोखिम और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक कर रही हैं। कार्यक्रम में सहायक मलेरिया अधिकारी, पाथ एवं पीसीआई के प्रतिनिधि, फाइलेरिया मरीज लक्ष्मी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
