कानपुर। पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अतुल कुमार श्रीवास्तव द्वारा सेंट्रल जोन कार्यालय स्वरूप नगर में साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित निस्तारण एवं जन-जागरूकता के संबंध में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में सेंट्रल जोन साइबर सेल प्रभारी सहित समस्त थानों के साइबर प्रभारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
गोष्ठी में ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग/UPI फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी कॉल एवं OTP फ्रॉड सहित साइबर अपराधों पर प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई, NCRP पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराध की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित बैंक एवं एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर संदिग्ध खातों एवं लेन-देन को शीघ्र फ्रीज कराने, प्रत्येक थाने पर साइबर शिकायतों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग तथा डिजिटल साक्ष्यों के समयबद्ध संकलन के निर्देश दिए गए।
साथ ही सोशल मीडिया, जन-चौपाल, थाना स्तर पर जागरूकता अभियान एवं पम्पलेट/पोस्टर के माध्यम से आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। नागरिकों से अपील की गई कि किसी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, QR कोड अथवा मोबाइल एप पर विश्वास न करें तथा OTP, बैंक विवरण एवं UPI PIN किसी के साथ साझा न करें। साइबर प्रभारियों को नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता में वृद्धि एवं विधिक प्रक्रिया का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
