कानपुर। 37वीं वाहिनी पीएसी स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए ‘स्पिरुलिना (शैवाल) और इसके फायदे’ विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाहिनी के सेनानायक बी० बी० चौरसिया ने उपस्थित रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
भवन पटेल ने बताया कि शरीर में पोषक तत्वों की कमी से कई गंभीर बीमारियां होती हैं। ऐसे में जिन स्थानों पर पर्याप्त पौष्टिक भोजन उपलब्ध नहीं है, वहां स्पिरुलिना (शैवाल) का उपयोग कुपोषण को दूर करने में बेहद कारगर साबित हो सकता है।
इसके अलावा, उन्होंने बच्चों को बताया कि भविष्य में स्पिरुलिना उत्पादन के क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार की भी अपार संभावनाएं हैं।
कार्यक्रम के दौरान विजय कोठेकर ने बच्चों को एल्गी (शैवाल) कल्चर का लाइव प्रदर्शन कर दिखाया। उन्होंने स्पिरुलिना के उपयोग के सही तरीके और उससे शरीर को मिलने वाले चमत्कारी फायदों के बारे में आसान शब्दों में समझाया।
कार्यक्रम के अंत में, सेनानायक ने बच्चों को संबोधित करते हुए उन्हें इस सुपरफूड के प्रति जागरूक किया। इसके पश्चात, उन्होंने गुजरात से आए भवन पटेल और महाराष्ट्र से आए विजय कोठेकर को उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य मीनू शुक्ला, शिविरपाल चंदेश्वर, मीडिया सेल प्रभारी रामेंद्र सिंह, पीसी राहुल यादव सहित पुलिस मॉडर्न स्कूल के अध्यापक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
