कई बार थकावट ज्यादा होने से या फिर अनियमित खाने-पीने की वजह से पेट फूल जाता है, यानी ‘ब्लोटिंग’ जो आजकल एक आम समस्या बन चुकी है। पेट में भारीपन, कसाव और गैस की वजह से न सिर्फ बेचैनी होती है, बल्कि कई बार यह दर्दनाक भी होता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, पाचन संबंधी समस्याओं जैसे खान-पान की गलत आदतों और स्ट्रेस के कारण ब्लोटिंग हो सकती है।
अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो कुछ आसान घरेलू उपायों और लाइफ स्टाइल में बदलाव के जरिए इससे छुटकारा पा सकते हैं।
तुरंत राहत के लिए अपनाएं ये उपाय
खाने के बाद सुस्ती दिखाने के बजाय 10-15 मिनट की वॉक करें। हल्की एक्सरसाइज या योग से पेट में फंसी हवा बाहर निकलने में मदद मिलती है और पाचन सुधरता है।
कब्ज के कारण होने वाली ब्लोटिंग में पेट की मसाज बहुत फायदेमंद है। अपनी पीठ के बल लेटकर पेट पर क्लॉकवाइज मोशन में हल्के हाथों से मसाज करने से बाउल मूवमेंट बेहतर होता है।
स्ट्रेस ब्लोटिंग का एक बड़ा कारण है। गर्म पानी से नहाने से शरीर रिलैक्स होता है और पेट की मांसपेशियों को भी राहत मिलती है।
बदलें ये आदतें
डाइट में धीरे-धीरे फाइबर की मात्रा बढ़ानी चाहिए। अचानक बहुत ज्यादा फाइबर खाने से गैस बन सकती है, इसलिए फल और सब्जियों को धीरे-धीरे शामिल करें। इसके साथ ही, दिन भर में पर्याप्त पानी पीना सुनिश्चित करें। कार्बोनेटेड या फिजी ड्रिंक्स की जगह सादा पानी पिएं, क्योंकि सोडा और सॉफ्ट ड्रिंक्स पेट में गैस को बढ़ाते हैं।
इन चीजों से बनाएं दूरी
ज्यादा नमक और फैट वाली चीजें ब्लोटिंग को बढ़ावा देती हैं। नमक शरीर में ‘वॉटर रिटेंशन’ बढ़ाता है, जिससे पेट फूला हुआ महसूस होता है। वहीं, फैट को पचने में ज्यादा समय लगता है, जो भारीपन का कारण बनता है। इसके अलावा, गट हेल्थ को बेहतर बनाने के लिए अपनी डाइट में प्रोबायोटिक्स (जैसे दही या सप्लीमेंट्स) शामिल करें, जो पेट के अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देते हैं। इन छोटे-छोटे बदलावों को अपनाकर आप ब्लोटिंग से बच सकते हैं, साथ ही अपने पाचन तंत्र को भी मजबूत बना सकते हैं।
इस आर्टिकल में बताई विधियां, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारियों पर आधारित हैं। BPS NEWS आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है। किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
