जिलाधिकारी ने बिठूर सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, 2 चिकित्सक समेत 3 कर्मचारी मिले गैरहाजिर

कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिठूर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, दवा उपलब्धता, अभिलेखों तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के समय चिकित्सक डॉ. श्रद्धा वर्मा, डॉ. राजेश कुमार तथा स्वास्थ्यकर्मी शिवम पाल अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तीनों कार्मिकों का एक दिन का वेतन काटने तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भ्रमण पंजीका का अवलोकन किया तथा ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक का भी निरीक्षण किया और आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आउटसोर्सिंग कार्मिकों ने वेतन समय से न मिलने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर समस्त आउटसोर्सिंग कार्मिकों का वेतन समयबद्ध ढंग से भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र पर उपस्थित मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
पद से सेवानिवृत्त, सेवा से नहीं डीएम ने डॉ. हनी मल्होत्रा की सराहना की
बिठूर सीएचसी के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्वास्थ्य विभाग में निदेशक स्तर के पद से सेवानिवृत्त डॉ. हनी मल्होत्रा के कार्यों की सराहना की। वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिठूर में आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत तैनात डॉ. मल्होत्रा नियमित रूप से समय पर अस्पताल पहुंचकर मरीजों का उपचार करती हैं। भगवद्गीता के कर्मयोग के सिद्धांत से प्रेरित उनका सेवा भाव, अनुशासन और आत्मीय व्यवहार मरीजों के बीच उन्हें विशेष पहचान दिलाता है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उनकी समयबद्धता, कर्तव्यनिष्ठा और मरीजों के प्रति समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी जनसेवा में सक्रिय रहना अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि डॉ. हनी मल्होत्रा जैसे चिकित्सक यह संदेश देते हैं कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति आजीवन उत्तरदायित्व है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर मिला बंद
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बूढ़नपुर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आरोग्य मंदिर बंद मिला। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से केंद्र बंद होने का कारण पूछा तथा आरोग्य मंदिर का नियमित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
महाराष्ट्र के पंढरपुर में बड़ा हादसा, कुएं में गिरी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 14 लोगों की मौके पर मौत | "PoK पाकिस्तान का संवैधानिक हिस्सा नहीं, कश्मीरियों का दमन बंद हो", अत्याचार के खिलाफ पाक नेता ने उठाई अपनी ही सरकार के खिलाफ आवाज | परमाणु हथियार नहीं बनाएगा ईरान, खुलेगा होर्मुज स्ट्रेट, फ्रीज फंड्स होंगे रिलीज... वो तीन अहम मुद्दे जिन पर टिकी है पूरी डील | मध्य प्रदेश के मुरैना में हेतमपुर स्टेशन के पास ट्रेन में आग की अफवाह सुन पटरी पर कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से चार की मौत, कम से कम 29 घायल
Advertisement ×