पत्रकार : इतिहास के गुमनाम सिपाही!

  • जिसकी तस्वीर कभी छपी नहीं, वही आंदोलन की पहली आवाज़ था, आंदोलन जीतने वाले अक्सर मंच पर नहीं, कैमरे के पीछे खड़े होते हैं
  • आंदोलन इतिहास बनाते हैं, पत्रकार उसकी पहली आवाज़ दर्ज करते हैं!, आंदोलन खत्म हो गया, नेता याद रह गए—पत्रकार फिर अगले संघर्ष में निकल पड़े!

इतिहास की एक अजीब आदत है। वह हमेशा विजेताओं के नाम याद रखता है, लेकिन विजय की नींव रखने वालों को अक्सर भूल जाता है। वह मंच पर खड़े नेताओं की तस्वीरें छापता है, नारों को याद रखता है, भाषणों को उद्धृत करता है, समझौतों की तारीखें लिखता है और इस्तीफों को लोकतंत्र की जीत घोषित कर देता है। लेकिन इतिहास की किताबों में शायद ही कभी उस आदमी का नाम मिलता है जिसने सबसे पहले अपनी जेब से कलम निकाली, मोबाइल निकाला, कैमरा चालू किया और देश को बताया—”यहाँ कुछ ऐसा हो रहा है जिसे पूरे देश को देखना चाहिए।”

जिसकी तस्वीर कभी छपी नहीं, वही आंदोलन की पहली आवाज़ था।

लोकतंत्र में किसी भी आंदोलन की पहली आवाज़ मंच से नहीं उठती, वह सबसे पहले किसी पत्रकार के कैमरे में कैद होती है। वही पहली तस्वीर होती है, वही पहला वीडियो होता है, वही पहली रिपोर्ट होती है। जब तक कोई देखेगा नहीं, तब तक कोई जानेगा नहीं; और जब तक कोई जानेगा नहीं, तब तक कोई जुड़ने भी नहीं आएगा। इसलिए किसी भी जनआंदोलन की पहली साँस सूचना होती है, और उस सूचना का पहला वाहक पत्रकार होता है।

विडंबना यह है कि जैसे-जैसे आंदोलन बड़ा होता जाता है, पत्रकार छोटा होता जाता है।

शुरुआत में वही होता है। धूप में, बारिश में, लाठीचार्ज के बीच, आँसू गैस के बीच, इंटरनेट बंद होने के बीच, अनिश्चितता के बीच। उसके पास न बड़ी ओबी वैन होती है, न महँगे कैमरे, न सुरक्षा घेरा, न कानूनी टीम। उसके पास केवल एक कैमरा, एक मोबाइल, एक इंटरनेट कनेक्शन और सच दिखाने का साहस होता है। लेकिन जैसे ही आंदोलन राष्ट्रीय चर्चा बनता है, बड़े कैमरे पहुँच जाते हैं, बड़े स्टूडियो सज जाते हैं, बड़े चेहरे उतर आते हैं और वही आंदोलन, जिसे कल तक कोई सुनना नहीं चाहता था, अचानक प्राइम टाइम की सबसे बड़ी बहस बन जाता है।

यह किसी एक आंदोलन की कहानी नहीं है। यह भारत के लगभग हर बड़े जनआंदोलन का एक परिचित दृश्य है।

हाल में जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन ने भी एक बार फिर यही प्रश्न हमारे सामने रख दिया। आंदोलन के शुरुआती दिनों में अनेक स्वतंत्र पत्रकार, स्थानीय रिपोर्टर, छोटे डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म और व्यक्तिगत पत्रकार लगातार वहाँ मौजूद रहे। उन्होंने लाइव प्रसारण किए, वीडियो बनाए, छात्रों की बातें सुनीं, उनकी माँगों को देश तक पहुँचाया और उस संघर्ष को दृश्यता दी। धीरे-धीरे जब आंदोलन राष्ट्रीय चर्चा का विषय बनने लगा, तब बड़े मीडिया संस्थानों की उपस्थिति भी बढ़ी। यह किसी एक संस्था की आलोचना नहीं, बल्कि मीडिया की कार्यप्रणाली पर विचार का विषय है। लेकिन इस पूरी प्रक्रिया में एक प्रश्न बार-बार सामने आता है—क्या हमने उन लोगों को याद रखा जिन्होंने शुरुआत में सबसे अधिक जोखिम उठाया था?

आंदोलन की सफलता का श्रेय अक्सर मंच पर दिखाई देने वालों को मिलता है। लेकिन मंच बनने से पहले जो लोग मिट्टी बराबर कर रहे थे, उनके नाम कौन लिखता है?

यहाँ एक और गहरी बात समझनी होगी। हम बार-बार “मीडिया” नहीं, “पत्रकार” शब्द का प्रयोग कर रहे हैं। क्योंकि मीडिया एक कंपनी हो सकती है। एक ब्रांड हो सकता है। एक व्यवसाय हो सकता है। लेकिन पत्रकार एक व्यक्ति होता है। वही उस कंपनी की आत्मा है। कलम-कैमरा कंपनी का हो सकता है, लेकिन उसे सच की दिशा में घुमाने वाला हाथ पत्रकार का होता है।

इतिहास में जितने बड़े आंदोलन हुए हैं, उनमें किसी न किसी पत्रकार ने अपनी भूमिका निभाई है। किसी ने पहली तस्वीर भेजी, किसी ने पहली रिपोर्ट लिखी, किसी ने पहली लाइव स्ट्रीम की, किसी ने पहली बार सत्ता से वह प्रश्न पूछा जिसे जनता पूछना चाहती थी। लेकिन आंदोलन समाप्त होने के बाद वही पत्रकार अगले शहर, अगले गाँव, अगले विरोध और अगले अन्याय की ओर निकल जाता है। उसे मंच नहीं चाहिए। उसे माला नहीं चाहिए। उसे नायक कहलाने की इच्छा भी नहीं होती। शायद इसलिए समाज उसे नायक मानना भी भूल जाता है।

यही पत्रकारिता की सबसे बड़ी त्रासदी है। जो दूसरों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की क्षमता रखता है, वह स्वयं अक्सर गुमनाम रह जाता है। नेता जनता को संबोधित करता है। पत्रकार पूरे देश को उस नेता तक पहुँचाता है। नेता भाषण देता है। पत्रकार उसे इतिहास का हिस्सा बनाता है। नेता आंदोलन का चेहरा होता है। पत्रकार आंदोलन की आँखें होता है।

लेकिन जब तस्वीर छपती है, तो कैमरे के पीछे खड़ा आदमी उसमें दिखाई नहीं देता। क्या यह केवल संयोग है? या हमने लोकतंत्र में श्रेय बाँटने का तरीका ही ऐसा बना दिया है कि जो सबसे पहले पहुँचता है, वही सबसे पहले भुला दिया जाता है?

आज यदि किसी आंदोलन के सफल होने के बाद उसके पोस्टर, उसके नायक और उसके चेहरे याद रखे जाते हैं, तो क्या उन पत्रकारों को भी याद किया जाता है जिन्होंने बिना किसी राजनीतिक पहचान, बिना किसी सुरक्षा और बिना किसी संसाधन के उसकी आवाज़ देश तक पहुँचाई? क्या किसी आंदोलन के मंच से कभी उन गुमनाम पत्रकारों का नाम लिया जाता है? क्या किसी विजय सभा में उनके लिए भी धन्यवाद का एक वाक्य बचता है? शायद बहुत कम।

और यही कारण है कि स्वतंत्र पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति होने के बावजूद सबसे कम सम्मानित संस्थाओं में से एक बनती जा रही है।

यह लेख किसी कॉरपोरेट मीडिया के विरोध में नहीं है। बड़े मीडिया संस्थानों ने भी अनेक अवसरों पर महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें की हैं और बड़े जनहित के मुद्दे उठाए हैं। लेकिन यह प्रश्न अवश्य है कि क्या हमारे समाज ने उस स्वतंत्र पत्रकार का महत्व समझा है जो किसी ब्रांड के सहारे नहीं, अपने नाम और अपने जोखिम पर सच दिखाता है?

आज जब पत्रकारों पर मुकदमे दर्ज होते हैं, जब उन्हें धमकियाँ मिलती हैं, जब आर्थिक संकट उन्हें पत्रकारिता छोड़ने पर मजबूर करता है, तब सबसे पहले वही समाज चुप हो जाता है जिसके लिए वह पत्रकार वर्षों तक लड़ता रहा था।

लोकतंत्र केवल संसद से नहीं चलता। वह उन लोगों से भी चलता है जो जनता और सत्ता के बीच सूचना का पुल बनते हैं।

इसलिए अगली बार जब किसी आंदोलन की सफलता का उत्सव मनाइए, तो मंच पर खड़े चेहरों के साथ एक बार उन गुमनाम पत्रकारों को भी याद कीजिए, जिनकी वजह से वह आंदोलन देश के हर मोबाइल स्क्रीन तक पहुँचा। फिर चाहे वह आपके किसी शहर का एक स्थनीय समाचार पत्र पत्रिका का पत्रकार ही क्यों न हो! क्योंकि किसी भी आंदोलन की सबसे पहली जीत सड़क पर नहीं, सूचना में होती है। और सूचना का पहला प्रहरी पत्रकार होता है।

शायद इतिहास को अब अपनी एक पुरानी गलती सुधारनी चाहिए। उसे केवल यह नहीं लिखना चाहिए कि किसने भाषण दिया। उसे यह भी लिखना चाहिए कि किसने पहली बार उस भाषण को देश तक पहुँचाया। उसे केवल यह नहीं लिखना चाहिए कि किसने आंदोलन का नेतृत्व किया। उसे यह भी लिखना चाहिए कि किसने उस आंदोलन को गुमनामी से निकालकर राष्ट्रीय चेतना का हिस्सा बनाया।

क्योंकि लोकतंत्र में कई बार सबसे बड़ा योद्धा वह नहीं होता जो मंच पर दिखाई देता है।

सबसे बड़ा योद्धा वह होता है जिसकी तस्वीर कभी छपती ही नहीं।

और जिस दिन भारत अपने उन गुमनाम पत्रकारों को पहचानना सीख जाएगा, उसी दिन शायद लोकतंत्र भी अपने सबसे ईमानदार सिपाहियों को उनका वास्तविक सम्मान दे पाएगा।

लेखक :  सी एम जैन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
रांची में छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान जमकर हंगामा; पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठीचार्ज किया | 'सरकार हमारी आवाज दबा रही है, 'युवा' शब्द का उल्टा 'वायु' होता है और वायु को कोई नहीं रोक सकता', छात्र नेता देवेंद्र महतो की दो टूक | उत्तर प्रदेश: बेटे के साथ दवाई लेने जा रही मां का दुपट्टा बाइक के पहिए में फंसा, गिरी और सिर हुआ धड़ से अलग; बिजनौर में कंपा देने वाला हादसा | ममता बनर्जी के काफिले पर हमला, पूर्व CM ने कार पर पत्थर, कीचड़ और जूते फेंकने का लगाया आरोप.... Ranchi Protest: सोमवार को छात्रों ने 'विधानसभा घेराव' का किया ऐलान, सरकार से नहीं बनी पूर्ण सहमति
Advertisement ×