खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: त्योहारी सीजन से पहले 18 नमूने संग्रहित, 1.60 लाख रुपये से अधिक का माल सीज

कानपुर। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा (उत्तर प्रदेश) एवं जिलाधिकारी कानपुर नगर के कड़े निर्देशों के अनुपालन में, सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय के नेतृत्व में गठित खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में औचक छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 18 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए, जबकि 1 लाख 60 हजार 200 रुपये से अधिक मूल्य का अमानक व संदिग्‍ध माल सीज किया गया।

सचेंडी कोल्ड स्टोरेज में भारी मात्रा में कुट्टू सीज

अभियान की सबसे बड़ी कार्रवाई सचेंडी स्थित प्रिंस स्टोरेज प्राइवेट लिमिटेड कोल्ड स्टोरेज में की गई। औचक निरीक्षण के दौरान टीम ने गुणवत्ता पर संदेह होने पर साबुत कुट्टू का एक नमूना जांच के लिए लिया। साथ ही, मौके पर मौजूद 3000 किलोग्राम साबुत कुट्टू को सीज कर दिया गया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 1.50 लाख (1,50,000/-) रुपये है।

शहरभर के नामचीन स्टोरों और प्रतिष्ठानों पर भी चला छापा

विभाग की टीमों ने शहर के कई प्रमुख बाजारों, मॉल और स्टोरों पर भी ताबड़तोड़ कार्रवाई की:

  • राधा ट्रेडिंग (बंगाली मोहाल): टीम ने यहां से संदेह के आधार पर सिंघाड़े के आटे का नमूना संग्रहित कर उसे जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा।

  • इंस्टा कार्ट (जूहीकला): इस प्रतिष्ठान से कुट्टू के आटे के 2 और सिंघाड़े के आटे का 1 नमूना यानी कुल 3 नमूने संग्रहित किए गए।

  • मंगलम एंटरप्राइजेज (रुमा): यहां से मिर्च पाउडर और अमचूर के नमूने लिए गए। साथ ही, 5000/- रुपये मूल्य का 25 किलोग्राम संदिग्ध मिर्च पाउडर मौके पर सीज किया गया।

  • रिलायंस मार्ट (रतनलाल नगर): स्टोर से कुट्टू का आटा और सिंघाड़ा आटा का 1-1 नमूना संग्रहित किया गया।

  • महादेव स्टोरेज (लाजपत नगर): टीम ने सिंघाड़ा आटा, फलाहारी मिक्सर नमकीन और कुट्टू के आटे का 1-1 नमूना जांच के लिए भरा।

  • वी मार्ट (विष्णुपुरी, कंपनी बाग चौराहा): प्रतिष्ठान से मूंगफली दाना और घी के नमूने संग्रहित किए गए।

  • नौगरिया एंटरप्राइजेज (यशोदा नगर): यहां से सिंघाड़ा और कुट्टू आटा का नमूना लेने के साथ ही 5 किलो सिंघाड़ा आटा (अनुमानित मूल्य 2000/- रुपये) और 8 किलो कुट्टू आटा (अनुमानित मूल्य 3200/- रुपये) को सीज किया गया।

  • जियो मार्ट (योजना-1, कल्याणपुर): संदेह के आधार पर सिंघाड़ा आटा और मूंगफली दाने का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया।

प्रयोगशाला भेजी गई रिपोर्ट, होगी कड़ी कार्रवाई

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय, संजय प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि छापेमारी के दौरान संग्रहित किए गए सभी 18 नमूनों को सीलबंद कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के नियमों के तहत आगे की सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से शहर के खाद्य कारोबारियों और मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
CM योगी ने अखिलेश यादव का चैलेंज किया स्वीकार, कहा- आप भी अयोध्या से नामांकन कीजिए और मैं भी करता हूं, लड़ाई चेलों से क्यों ........... Rahul Gandhi ने युवाओं से की प्रदर्शन जारी रखने की अपील | CM योगी की चुनौती से पीछे हटे अखिलेश यादव, कहा- अयोध्या में हराने के लिए हमारा एक युवा 'पीडीए प्रहरी' ही काफी ..... रिहा नहीं किया गया तो... नेताओं की गिरफ्तारी को देख अब सोनम वांगचुक ने दी चेतावनी |      CJP प्रोटेस्ट के बीच 124 पूर्व अफसर चुनाव आयोग के समर्थन में उतरे , बोले- आरोप लगाने वाले पहले सबूत भी दें .............. केजरीवाल से प्रशांत भूषण तक, 2000 से ज्यादा प्रदर्शनकारी पकड़े गए | CJP के बाद अब INDIA गठबंधन की बारी, दिल्ली में 12 अक्टूबर को बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान ............... हिरासत में अभिजीत दीपके, उधर गम में डूब गया उनका परिवार, क्या वापस लौटेंगे मुंबई?
Advertisement ×