- सेवा ज्योति यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
कानपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को ‘सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन फूलबाग में किया गया। जूही परमपुरवा चौराहा से शुरू हुई यात्रा संजय वन होते हुए फूलबाग पहुंची।
फूलबाग चौराहे पर आयोजित सभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से वर्चुअल संबोधन हुआ। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को सेवा के लिए समर्पित बताते हुए कहा, “स्व से समष्टि तक, स्वयं से वयम् तक।” उन्होंने कहा, “मेरे जीवन का कण-कण, क्षण-क्षण भारत भूमि को समर्पित रहेगा।” प्रधानमंत्री ने विकसित भारत@2047 और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के लिए जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए देशवासियों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य जनभागीदारी से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पात्र लोगों तक केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा सेवा गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
उन्होंने स्वच्छता, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, गो-सेवा और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों को सेवा अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। कार्यक्रम में जनसेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने और विकसित भारत के लक्ष्य में सहभागिता का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा कानपुर महानगर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, सांसद रमेश अवस्थी, मंडल अध्यक्ष दीपू पासवान, नगर पार्षद राजेश श्रीवास्तव, प्रकाश वीर आर्य, अनिल त्रिपाठी, डॉ. समरदीप पांडेय, स. अजीत सिंह छाबड़ा, मनीष गंगवानी, सरदार हरप्रीत सिंह, प्रदीप कुमार पांडेय आदि उपस्थित रहे।
