1 अप्रैल से शुरू होगा स्कूल चलो अभियान….. एक भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे : सीडीओ

  • जन्म प्रमाण पत्र या आधार कार्ड न होने पर किसी भी बच्चे को प्रवेश से वंचित नहीं किया जाए
कानपुर। जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन के लक्ष्य के साथ 1 अप्रैल से स्कूल चलो अभियान शुरू किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को गांव-गांव विशेष अभियान चलाकर हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि प्रतिदिन होने वाले नामांकन की रिपोर्ट जनपद स्तर पर अनिवार्य रूप से साझा की जाए, जिससे अभियान की नियमित समीक्षा की जा सके।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, पंचायती राज और श्रम विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम स्तर पर घर-घर संपर्क स्थापित कर ऐसे बच्चों की पहचान की जाए जो अभी तक विद्यालय से बाहर हैं। छह वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी बच्चों का कक्षा एक में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए और इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य है कि जनपद का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने आमजन से भी अनुरोध किया कि यदि किसी को अपने आसपास कोई बच्चा स्कूली शिक्षा से वंचित दिखे तो उसका दाखिला निकटवर्ती प्राथमिक विद्यालय में अवश्य कराएं। इस अभियान की सफलता के लिए जन भागीदारी आवश्यक है।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि कक्षा पांच उत्तीर्ण बच्चों का कक्षा छह तथा कक्षा आठ उत्तीर्ण बच्चों का कक्षा नौ में नामांकन सुनिश्चित कराया जाए। गांवों में परिवार सर्वेक्षण कर ऐसे बच्चों की सूची तैयार की जाएगी जो विद्यालय से बाहर हैं। झुग्गी-झोपड़ियों, ईंट भट्ठों और श्रमिक परिवारों के बच्चों को विशेष अभियान चलाकर विद्यालय से जोड़ा जाएगा। श्रम विभाग को दस हजार बच्चों के नामांकन का लक्ष्य दिया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी हरिदत्त नेमी ने कहा कि विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और पोषण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों पर समान रूप से ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रवेश के समय जन्म प्रमाण पत्र या आधार कार्ड न होने की स्थिति में किसी भी बच्चे को प्रवेश से वंचित नहीं किया जाएगा। स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत विद्यालय और विकासखंड स्तर पर रैलियां, एसएमसी बैठकें और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला दिव्यांगजन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
'रामलला के घर में चोरी करने वालों को सीधे फांसी', राम मंदिर चढ़ावा मामले पर महंत दिनेंद्र दास का फूटा गुस्सा | 'आतंकवाद रुकेगा, तभी आगे बढ़ेगी बात', सिंधु जल संधि पर भारत ने पाकिस्तान की गीदड़भभकी को किया खारिज, दोहराई सख्त शर्त | अली खामेनेई के जनाजे पर आंसू बहा रहा ईरान, ट्रंप ने उड़ाया मजाक, कहा- हम अच्छे लोग हैं, एक हफ्ते की छूट दी | 'चंदा चोरों की कब्र खोद देंगे CM योगी, बुलडोजर भी चलेगा', पूर्व BJP नेता टी राजा का बड़ा बयान
Advertisement ×