- जन्माष्टमी पर थाने में लगवाया गया था डीजे साउंड, रात दो बजे तक चला डीजे, नही दिया गया पैसा
- वीडियो वायरल होने के बाद उपनिरीक्षक लाइन हाजिर, जांच शुरू
कानपुर। नगर के चौबेपुर थाने में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में गोविंद गुप्ता का साउंड सिस्टम/डीजे लगाया गया था। कार्यक्रम के बाद किराए का भुगतान न करने पर साउंड सिस्टम मालिक द्वारा आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इस वीडियो में उपनिरीक्षक पंकज मिश्रा पर डीजे लगवाने और भुगतान न करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
पीड़ित गोविंद गुप्ता ने बताया की जन्माष्टमी के कारण उसे दिन हर तरफ साउंड सिस्टम की मांग अधिक थी थाने में इंस्पेक्टर साहब ने बुलवाया और साउंड सिस्टम लगवाने की बात कही। उनसे कहा कि वैसे तो ₹5000 लगते हैं आप 3000 ही दे देना तो दरोगा जी ने कहा पहले साउंड लगाओ पैसा बाद में ले लेना । थाने में रात 2:00 बजे तक साउंड बजा उसके बाद जब पैसा मांगा गया तो दरोगा जी ने दूसरे दिन आने को कहकर टाल दिया , जब दूसरे दिन पैसा लेने के लिए थाने पहुंचा तो वहां उसे एक घंटा बैठाए रखा बाद में बिना पैसे दिए उसे भगा दिया और कहां की ज्यादा करोगे तो अभी साउंड सिस्टम से जमा करवा लिया जाएगा।
मामले का वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। उच्च पुलिस अधिकारियों ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित उपनिरीक्षक पंकज मिश्रा को तुरंत लाइन हाजिर कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) बिल्हौर अंकित कुमार ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों को ही अंतिम सच नहीं माना जा रहा है। जांच के दौरान संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों व सबूतों की समीक्षा की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
