औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रमिकों हेतु निर्धारित सुविधाओं के शत-प्रतिशत अनुपालन के निर्देश

  • न्यूनतम मजदूरी दरें नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने और फैक्टरी में शिकायत पेटिका स्थापित करने के निर्देश
कानपुर। औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों से जुड़े मुद्दों और श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर आयुक्त, कानपुर मंडल एवं निदेशक उद्योग उत्तर प्रदेश  श्री के. विजयेंद्र पांडियन ने गुरुवार को कानपुर नगर तथा कानपुर देहात के उद्यमियों के साथ बैठक की। आयुक्त कैंप सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कंपनियां शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दरों, समय पर वेतन भुगतान और श्रमिकों से संबंधित समस्त सेवा शर्तों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।
बैठक में आयुक्त ने कहा कि श्रमिक किसी भी उद्योग की आधारशिला होते हैं और उनके हितों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक श्रमिक को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी, सुरक्षित कार्य वातावरण और अन्य वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रत्येक औद्योगिक इकाई की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि अप्रैल 2026 से लागू न्यूनतम मजदूरी दरों के अनुसार प्रत्येक श्रमिक को उसकी श्रेणी के अनुरूप भुगतान अनिवार्य रूप से किया जाए।
आयुक्त ने सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया कि न्यूनतम मजदूरी दरों की सूचना नोटिस बोर्ड पर स्पष्ट रूप से चस्पा की जाए, जिससे श्रमिकों को अपने अधिकारों की जानकारी सहज रूप से मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 7 तारीख तक कर्मचारियों के वेतन का भुगतान बैंक खाते के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। बोनस भुगतान सहित अन्य वैधानिक दायित्वों का भी समयबद्ध पालन किया जाए।
बैठक में ओवरटाइम भुगतान को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि अतिरिक्त कार्य लेने की स्थिति में कर्मचारियों को नियमानुसार दोगुनी दर से भुगतान किया जाए। साथ ही साप्ताहिक अवकाश, सार्वजनिक अवकाश और सीएल, ईएल सहित अन्य अनुमन्य अवकाशों का भी पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को वेतन भुगतान के साथ पे-स्लिप  अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए तथा ईएसआईसी और ईपीएफ कटौती एवं अंशदान का स्पष्ट विवरण दिया जाए, जिससे कर्मचारी स्वयं अपने खातों का सत्यापन कर सकें।
औद्योगिक शांति बनाए रखने पर जोर देते हुए आयुक्त ने उद्यमियों से श्रमिकों के साथ नियमित और सकारात्मक संवाद बनाए रखने की अपेक्षा की। उन्होंने प्रत्येक औद्योगिक इकाई में शिकायत पेटिका स्थापित करने तथा शिकायतों के समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर श्रमायुक्त उत्तर प्रदेश जुनैद अहमद, क्षेत्रीय अपर श्रमायुक्त पी.के. सिंह, संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार, उपायुक्त उद्योग, सहायक श्रमायुक्त राम लखन पटेल, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
लगातार बारिश से वैष्णो देवी मार्ग पर बड़ा हादसा टला, भारी भूस्खलन के बाद बैटरी कार-हेलीकॉप्टर सेवा अगले आदेश तक बंद | ममता बनर्जी की रैली में अचानक मच गई भगदड़... ताबड़तोड़ फेंके गए अंडे, लगे चोर-चोर के नारे, दीदी बोलीं- पुलिस प्रशासन BJP कार्यकर्ता की तरह | यहां परीक्षा का प्रश्न-पत्र लीक होते होते SIT रिपोर्ट भी लीक हो गई, अब जांच का क्या मतलब.., चंपत राय की चिट्ठी पर अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद का तंज | घुसपैठ पर Amit Shah का बड़ा एक्शन! 9 जुलाई को Border Districts के SPs के साथ बनाएंगे नई रणनीति
Advertisement ×