- खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में प्रोपराइटरी एडिबल फैट के तीन नमूने जांच के लिए भेजे गए
- साकेत नगर जूही में भी कार्रवाई, 108 गत्ते रिफाइंड मूंगफली का तेल सीज
कानपुर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तर प्रदेश के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वारा गठित खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष टीम ने गुरुवार को फजलगंज स्थित ‘पुरुषाना फूड प्रोडक्ट्स’ के प्रतिष्ठान पर औचक छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान परिसर में प्रोपराइटरी एडिबल फैट की पैकिंग लाइसेंस की निर्धारित श्रेणी के अनुरूप नहीं पाई गई। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार अग्रिम आदेशों तक तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। साथ ही गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर प्रोपराइटरी एडिबल फैट के तीन नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

लाखों का माल सीज
कार्रवाई के दौरान टीम ने परिसर में तैयार प्रोपराइटरी एडिबल फैट के 52 गत्ते (कुल 780 लीटर) सीज किए, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,57,400 है। इसके अतिरिक्त निर्माण में प्रयुक्त 150 किग्रा वनस्पति (कीमत ₹20,610) तथा 133 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल (कीमत ₹22,211) भी सीज किया गया।
जूही में 108 गत्ते तेल जब्त
एक अन्य कार्रवाई में दूसरी टीम ने M/s सताक्षी ट्रेडर्स (127/54 साकेत नगर, जूही) में छापेमारी कर रिफाइंड मूंगफली तेल के 108 गत्ते (कुल 2,496 बोतलें) सीज किए, जिनकी अनुमानित कीमत ₹2,88,000 है। इस प्रकार दोनों स्थानों से कुल ₹5,88,221 मूल्य के खाद्य पदार्थ एवं कच्चे माल को सीज कर खाद्य कारोबारी की सुरक्षित अभिरक्षा में दे दिया गया है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी विधिक कार्रवाई
सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) संजय प्रताप सिंह ने बताया कि लाइसेंस की निर्धारित श्रेणी से अलग पैकिंग मिलने पर कारोबार बंद कराया गया है। संग्रहित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र द्विवेदी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय वर्मा, उमाशंकर सिंह, नरेन्द्र कुमार, आशुतोष एवं किरन शामिल रहे।
