- शैक्षणिक संस्थान 15 अगस्त तक तैयार करें मास्टर डाटा, छात्र 31 अक्टूबर तक करें आवेदन
कानपुर। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों हेतु दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना (कक्षा 11 एवं 12 को छोड़कर) की समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने की अवधि 22 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है, जबकि मास्टर डाटा के सत्यापन की प्रक्रिया 25 जुलाई 2026 से 14 सितम्बर 2026 तक संपन्न की जाएगी।
इसके उपरांत छात्र-छात्राएं 15 सितम्बर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए शासन की आधिकारिक छात्रवृत्ति वेबसाइट http://scholarship.up.gov.in/ पर निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त दशमोत्तर (कक्षा 11 एवं 12 को छोड़कर) शैक्षणिक संस्थानों एवं उनमें अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर आवश्यक अभिलेखों सहित नियमानुसार ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें, ताकि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ समय से प्राप्त हो सके।
