- डेंगू एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सर्वेक्षण, जांच और जनजागरूकता अभियान जारी
कानपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कानपुर नगर के मौखिक निर्देशों के अनुपालन में नोडल अधिकारी, वी.बी.डी. डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रशांत वर्मा एवं एस.एल.टी. गणेश चन्द्र शंखवार ने जनपदीय टीम के साथ भीतरगांव ब्लॉक के शाह ग्राम का भ्रमण किया। इस दौरान संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का भौतिक सत्यापन किया गया तथा वी.बी.डी. से संबंधित शिकायत का निस्तारण किया गया।

भ्रमण के दौरान विभिन्न सहयोगी विभागों की टीमें संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का क्रियान्वयन करती पाई गईं। संबंधित टीमों द्वारा संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही थी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा डेंगू के धनात्मक रोगियों के संबंध में केस बेस्ड गतिविधियों के अंतर्गत बुखार सर्वेक्षण, स्रोत नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक निरोधात्मक कार्य किए जा रहे थे। टीम को क्षेत्र में इन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं सक्रिय ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त ग्राम एवं आसपास के क्षेत्र में निवास करने वाले बीन समुदाय के लोगों को संचारी रोगों से बचाव, मच्छरों से सुरक्षा तथा घरों के आसपास जलभराव और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने के संबंध में जागरूक किया गया।
भ्रमण के दौरान शाह ग्राम में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया गया। शिविर में मरीजों को आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की जा रही थी। बुखार से पीड़ित मरीजों की मलेरिया, डेंगू एवं टाइफाइड की जांच भी की जा रही थी। शिविर में कुल 189 सामान्य मरीजों का परीक्षण किया गया तथा 113 मरीजों की मलेरिया, डेंगू एवं टाइफाइड संबंधी जांच की गई। जांच में मलेरिया का कोई भी धनात्मक मरीज नहीं पाया गया। डेंगू की जांच के लिए दो नमूने एसएसएच लैब भेजे गए।
जनपद के गांधी ग्राम, श्याम नगर, विजय नगर, बर्रा, स्वरूप नगर एवं किदवई नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में डेंगू के सामने आए मामलों के संबंध में आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई पूरी कराई गई। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण, स्रोत नियंत्रण, लार्वानाशक छिड़काव तथा जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।
अस्पताल घाट, बीबीपुर, सुलभ शौचालय के पास, सेवाग्राम कॉलोनी दादानगर, एसबीआई कॉलोनी बर्रा-तीन, बेगमपुरवा, ई-ब्लॉक किदवई नगर, संजारी गांव, डीएमएसआरडी कॉलोनी, चेन फैक्ट्री चौराहा, मलिन बस्ती विजय नगर, तुलसी नगर काकादेव, आजाद कुटिया बर्रा-दो एवं बर्रा-चार में सर्वेक्षण के दौरान कुल 564 घरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 12 घरों में लार्वा पाया गया। कुल 5,243 पात्रों का सर्वेक्षण किया गया तथा 28 घरों में लार्वा नष्ट कराने की कार्रवाई की गई।
जनसमुदाय से अपील की गई कि घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नियमित रूप से समाप्त करें। जलभराव वाले स्थानों पर जला हुआ मोबिल ऑयल अथवा केरोसिन डालने के बजाय संबंधित विभाग की सलाह के अनुसार सुरक्षित एवं प्रभावी उपाय अपनाएं। मच्छरों से बचाव के लिए खुली त्वचा पर उपयुक्त मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करें तथा शरीर के अधिकांश हिस्से को कपड़ों से ढककर रखें। लोगों को वाहक जनित एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक भी किया गया।
संचारी रोगों के संबंध में सूचना देने अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित नियंत्रण कक्ष में हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 संचालित हैं। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र में टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
इसी प्रकार नगर निगम स्थित नियंत्रण कक्ष में हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 0512-2526005 भी संचालित हैं। जनसामान्य इन नंबरों पर संचारी रोगों से संबंधित सूचना दे सकते हैं तथा आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
