- शादी के एक साल बाद 18 जून को एक लाख रुपये और जेवर लेकर मायके चली गई थी पत्नी
- 13 अगस्त को पति ससुराल पहुंचा तो ससुरालियों ने पीटा, अब तीन महीने बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
कानपुर। एक युवती पर पांच शादियां करने का आरोप लगा है। पांचवें पति विशाल विश्वकर्मा का दावा है कि शादी के एक साल बाद पत्नी घर से एक लाख रुपये और 15 लाख रुपये के जेवर लेकर मायके चली गई। जब वे 13 अगस्त को ससुराल पहुंचे, तो ससुरालियों ने मारपीट की और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़ित की तहरीर के तीन माह बाद पुलिस ने पत्नी समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। विश्व बैंक कॉलोनी निवासी विशाल विश्वकर्मा (जो बीमा का काम करते हैं) ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि 18 मई 2025 को उनकी शादी जूही लाल कॉलोनी निवासी प्रगति विश्वकर्मा से हुई थी।
शादी के करीब एक साल बाद 18 जून 2026 को प्रगति घर से 15 लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये लेकर मायके चली गई छानबीन करने पर विशाल को प्रगति की पूर्व शादियों के प्रमाण मिले आर्य समाज मंदिरों के अभिलेखों का हवाला देते हुए विशाल ने दावा किया कि प्रगति की पहली शादी 20 मार्च 2017 को जूही के बारा देवी निवासी सोनू विश्वकर्मा से बेनाझाबर स्थित आर्य समाज मंदिर में हुई थी। इसके तीन महीने बाद 23 जून 2017 को प्रगति ने इटावा के बजरिया निवासी सुमित बाथम से रावतपुर गांव स्थित आर्य समाज मंदिर में दूसरी शादी की (पंजीकरण क्रमांक 632) विशाल के मुताबिक, पुलिस की विवेचना में पनकी और रायपुरवा क्षेत्र में भी युवकों से शादी कर लाखों रुपये के गहने व नकदी लेकर चले जाने की बात सामने आई है।
13 अगस्त 2026 को विशाल अपने छोटे भाई के साथ प्रगति के मायके पहुंचे और पूर्व की शादियों के बारे में बात की आरोप है कि इस पर ससुर अशोक, सास सोमवती, सीमा, शरद सैनी, कोमल, ललिता शर्मा और मौसी गोमती ने उन्हें पीटा तथा 20 लाख रुपये रंगदारी मांगी किसी तरह वहां से बचकर विशाल ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें उन्होंने पत्नी का गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। विशाल का आरोप है कि प्रगति रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और सफर के दौरान अनजान लोगों को निशाना बनाती थी। वह मोबाइल में बैलेंस न होने का बहाना बनाकर फोन मांगती और नंबर हासिल करने के बाद रात में बातचीत कर नजदीकियां बढ़ाती थी। खुद को घर की इकलौती बेटी और करोड़ों की संपत्ति की वारिस बताकर वह लोगों को शादी के लिए तैयार करती थी। विशाल ने खुद को पांचवां शिकार बताया है। यह भी बताया गया है कि पहली शादी के बाद प्रगति ने अपने सौतेले पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा, सौतेली मां सीमा और जीजा सुनील कुमार के खिलाफ किदवई नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बर्रा थाना प्रभारी क्षितिज सिंह ने बताया कि विशाल की तहरीर पर पत्नी प्रगति विश्वकर्मा, उसके पिता अशोक कुमार, सोमवती, शरद सैनी, कोमल, सीमा, ललिता और गोमती के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, दूसरी शादी छिपाना, बलवा और रंगदारी मांगने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
