सीएसए परिसर से निकली पौध बारात, जनप्रतिनिधियों और बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

  • प्रत्येक परिवार कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाए और उसका संरक्षण करें : राकेश सचान
कानपुर। प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत रविवार को जनपद कानपुर नगर में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान तथा विशिष्ट अतिथि सांसद रमेश अवस्थी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं वनावरण संवर्धन का संदेश दिया। कार्यक्रम में महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक एवं सलिल बिश्नोई तथा जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित सहित जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं तथा वन महोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में सफल विद्यार्थियों एवं वन महोत्सव में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्कूली बच्चों की अगुवाई में गाजे-बाजे के साथ आकर्षक पौध बारात निकाली गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, युवाओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रदेश शासन द्वारा नामित जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव (श्रम एवं सेवायोजन) डॉ. एम.के. शनमुगा सुंदरम, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता तथा मुख्य वन संरक्षक कानपुर मंडल एन.के. जानू की अगुवाई में जिला प्रशासन एवं वन विभाग ने कार्यक्रम का सफल आयोजन कराया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, प्रभागीय वन अधिकारी आकांक्षा जैन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, शिक्षकों एवं युवाओं की विशेष भागीदारी रही।
विश्वविद्यालय स्थित योग वाटिका में पीपल, कदंब, गुलमोहर, कचनार, आंवला, अमरूद, जामुन, नीम एवं महोगनी सहित विभिन्न फलदार, पुष्पदार एवं छायादार प्रजातियों के पौधे रोपे गए। योग वाटिका से सटे मैदान में स्कूली बच्चों एवं गंगा टास्क फोर्स द्वारा 500 पौधों का रोपण किया गया।
मुख्य अतिथि राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और कानपुर में इस महाअभियान की शुरुआत सीएसए परिसर से हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों से वृक्षारोपण अभियान निरंतर चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का दायित्व भी निभाए। उन्होंने कहा कि सरकार निःशुल्क पौधे उपलब्ध करा रही है तथा पौधों के संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्रदेश शासन द्वारा नामित जनपद के नोडल अधिकारी डॉ. एम.के. शनमुगा सुंदरम ने कहा कि कानपुर नगर में 40 लाख से अधिक पौधों का रोपण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान की वास्तविक सफलता पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल में निहित है। जनपद में लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे पौधों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए इस जनअभियान को सफल बनाएं।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिवसीय अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उसका संरक्षण उससे भी अधिक आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक यदि लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो कानपुर को और अधिक हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सकता है।
प्रभागीय वन अधिकारी आकांक्षा जैन ने बताया कि जनपद में वन विभाग द्वारा 8,90,000 तथा विभिन्न अन्य विभागों द्वारा 28,73,200 पौधों का रोपण किया गया। इस प्रकार जनपद में कुल 37,63,200 पौधे लगाए गए। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल पर भी विशेष बल दिया जा रहा है, ताकि हरित विरासत को स्थायी रूप से सुदृढ़ किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
केजरीवाल चुनावी हिंदू हैं, पूरा गैंग फिर से नाटक, राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर AAP के कैंपन पर बरसी BJP, सुंदरकांड पाठ के आयोजन को बताया ढोंग | चंपत राय ने कोई चोरी नहीं की, उनके साथ विश्वासघात, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर महंत कमल नयन दास का बड़ा बयान | बंदूक की नोक पर युवती को बंधक बनाया, जबरन कलमा पढ़वाया, फिर निकाह का दबाव बनाया, मुरादाबाद के मझोला में जबरदस्ती धर्म परिवर्तन का मामला | Delhi Police की बड़ी कामयाबी, Lawrence Bishnoi गैंग के 3 Shooters गिरफ्तार, राजधानी दहलाने की थी साजिश
Advertisement ×