- भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों की भीड़ में एक युवक पर हमला करने का आरोप, पुलिस से सुरक्षा की मांग
कानपुर। बिठूर नगर पंचायत उपचुनाव की मतगणना के बाद विवाद का मामला सामने आया है। ब्रह्मनगर निवासी दीपक मिश्रा उर्फ अनुज ने एक युवक पर जानलेवा हमले के इरादे से हमला करने का आरोप लगाते हुए थाना बिठूर में प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
दीपक मिश्रा के मुताबिक, 15 अक्टूबर को नगर पंचायत बिठूर में उपचुनाव की मतगणना के बाद वह परिसर से बाहर निकल रहे थे। उनके साथ निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी और दो-तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि परिसर से बाहर निकलते ही भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में खड़ी भीड़ के बीच मौजूद झींझक निवासी अभिषेक सिंह ने उन पर हमला कर दिया।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। दीपक मिश्रा ने आशंका जताई है कि भविष्य में भी उन पर हमला हो सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। दीपक मिश्रा ने प्रार्थना पत्र में स्वयं को वर्तमान में गंगा सभा का अध्यक्ष भी बताया है। उन्होंने 16 अक्टूबर को थाना बिठूर में शिकायत देकर पुलिस से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है।
