कानपुर। महिला कल्याण विभाग द्वारा हेमा अखिल भारतीय महिला समिति के सहयोग से अर्जुन विद्यालय नौबस्ता में ‘दहेज एक अभिशाप’ एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभाग के द्वारा छात्र-छात्राओं को दहेज प्रथा के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए दहेज जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं को न दहेज लेने और न ही दहेज देने की शपथ दिलाई गई। साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी बाल सेवा योजना ,कन्या सुमंगल योजना, निराश्रित महिला पेंशन आदि योजनाओं एवं महिलाओं और बालिकाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि पात्र लाभार्थी इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी हेमा द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्टेशनरी सामग्री भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय प्रबंधक एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में दहेज प्रथा के विरुद्ध जागरूकता उत्पन्न कर एक सशक्त एवं दहेजमुक्त समाज के निर्माण में योगदान देना रहा।
