कानपुर। मा. उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, भारत सरकार, हरदीप सिंह गिल ने जनपद भ्रमण के दौरान सर्किट हाउस सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ सफाई कर्मचारियों के हितों, उनकी सुरक्षा तथा कल्याण से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कार्य से जुड़े कार्मिकों की सुरक्षा एवं उनके हित में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में दिशा राज्य स्तरीय समिति के सदस्य राजू वाल्मीकि, अपर जिलाधिकारी (नगर), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), महाप्रबंधक जल संस्थान तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सफाई कर्मचारियों के कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन तथा उन्हें शासन द्वारा अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर कल्याणपुर क्षेत्र में स्थित गोवा गार्डन में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में कार्य करते हुए मृतक हुए स्वर्गीय श्री मोहम्मद आबिद व स्वर्गीय श्री मोहम्मद जावेद को मैन्युअल स्कैवेंजिंग अधिनियम 2013 के प्रावधानों के तहत प्रत्येक के परिजनों को 30-30 लाख रुपए की चेक व प्रमाण पत्र दिया गया।
बैठक में मा. उपाध्यक्ष ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सफाई कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जोखिमपूर्ण कार्य है। ऐसे कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाना आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा एवं कल्याण से जुड़े प्रावधानों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा पात्र परिवारों को शासन की ओर से अनुमन्य सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
