यूपी टी 20 लीग के मैचों को लेकर मण्डलायुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा

  • 28 अगस्त से 6 सितंबर तक ग्रीन पार्क में होंगे 12 मैच, फाइनल मुकाबला भी ग्रीन पार्क में होगा
कानपुर।  उत्तर प्रदेश टी20 लीग के आगामी मैचों की तैयारियों के संबंध में मण्डलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में मण्डलायुक्त सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं यूपी टी20 लीग से जुड़े पदाधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में 28 अगस्त से 6 सितंबर तक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होने वाले 12 मैचों तथा लीग के फाइनल मैच की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मण्डलायुक्त ने कहा कि प्रदेश की प्रतिष्ठित यूपी टी20 लीग के मैचों के आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, दर्शकों एवं शहर में आने वाले अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि मैचों के आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मण्डलायुक्त ने नगर आयुक्त को ग्रीन पार्क स्टेडियम एवं उसके आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सीवर एवं नालियों की सफाई समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मैचों के दौरान बंदरों एवं आवारा कुत्तों से संबंधित समस्या से बचाव के लिए नगर निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। स्टेडियम के आसपास कूड़ा एकत्र न होने देने तथा पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती के भी निर्देश दिए गए।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने केस्को के अधिकारियों को ग्रीन पार्क स्टेडियम की विद्युत व्यवस्था का पूर्व में ही निरीक्षण कर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैचों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए मोबाइल ट्रांसफार्मर सहित वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था तैयार रखने को कहा।
वन विभाग के अधिकारियों को ग्रीन पार्क स्टेडियम एवं उसके आसपास स्थित पेड़ों की आवश्यकतानुसार छंटाई कराने तथा झाड़ियों की कटाई-छंटाई कर क्षेत्र को साफ-सुथरा एवं सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि दर्शकों एवं खिलाड़ियों की आवाजाही वाले स्थानों पर किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
मण्डलायुक्त ने पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारियों को मैच के दिनों में यातायात प्रबंधन की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने, स्टेडियम के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दर्शकों की भीड़ को देखते हुए प्रवेश एवं निकास मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को स्टेडियम में पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था, एम्बुलेंस तथा प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। अग्निशमन विभाग को भी स्टेडियम एवं आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
मण्डलायुक्त ने नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों को स्टेडियम परिसर में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालयों की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैचों के दौरान शहर की छवि प्रदेश एवं देशभर से आने वाले खिलाड़ियों, दर्शकों तथा अतिथियों के समक्ष बेहतर रूप में प्रस्तुत हो, इसके लिए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार, सीएफओ दीपक शर्मा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, कर्मवीर सिंह, अध्यक्ष यूपी टी20 लीग डॉ. संजय कपूर, नोडल अधिकारी यूपी टी20 लीग सुजीत श्रीवास्तव, सी.ई.ओ. अंकित चटर्जी, सेक्रेटरी प्रेम मनोहर गुप्ता, सचिन शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
आयुष्मान योजना में कोताही बरतने वाले अस्पतालों पर योगी सरकार का सख्त एक्शन, 61 सस्पेंड और 140 हॉस्पिटलों पर ₹8.53 करोड़ की पेनाल्टी | नेपाली नागरिक से शादी, मथुरा में मकान और फर्जी आधार-पैन कार्ड...भारत-नेपाल बॉर्डर पर घुसपैठ करते पकड़ी गई थाईलैंड की महिला, जांच में जुटी पुलिस | ऋषभ पंत ने टेस्ट में रचा इतिहास, सचिन-धोनी-विराट को पीछे छोड़ किया ये कारनामा, बने पहले भारतीय बल्लेबाज.... बिहार में बड़ा IPS फेरबदल: Siwan AK-47 विवाद पर SP हटाए गए, Bhojpur SP भी नपे | Maulana Razvi की मुसलमानों से अपील: PM Modi, CM Yogi को बुरा-भला न कहें, BJP को हराना हमारा काम नहीं.... महाराष्ट्र में Freedom of Religion Act लागू, अब जबरन Conversion पर होगी 7 साल की जेल
Advertisement ×