- एडी मंडल डॉ. रेनू जोशी ने घर-घर पहुंचकर परखी स्वास्थ्य टीमों की कार्यप्रणाली, वेक्टर जनित रोगों से बचाव के प्रति किया जागरूक
कानपुर। जनपद कानपुर नगर में संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान एवं वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को शहरी क्षेत्र विनोबा नगर (डीटीसी-कैंट) एवं शिवकटरा (डीटीसी-हरजेन्द्र नगर) में सघन निरीक्षण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अपर निदेशक (स्वास्थ्य) मंडल कानपुर डॉ. रेनू जोशी ने अपनी टीम के साथ दोनों क्षेत्रों का निरीक्षण कर घर-घर संचालित दस्तक अभियान की गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, सहायक मलेरिया अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रशान्त कुमार वर्मा, मलेरिया निरीक्षक अमित धीमान एवं नीरज गौतम, आईएफडब्ल्यू अरविन्द कुमार, पाथ के रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकांत तथा यूपीएचसी कृष्णा नगर की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशा गांधी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान यूपीएचसी कृष्णा नगर की आशा कार्यकर्ता नीरू अवस्थी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शीला यादव तथा डीटीसी हरजेन्द्र नगर की आशा रामकुमारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीना सिंह द्वारा घर-घर किए जा रहे सर्वे एवं जनजागरूकता कार्यों का भी सत्यापन किया गया।
अधिकारियों ने अभियान के दौरान घर-घर पहुंचकर लोगों से स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा की गई गतिविधियों की जानकारी ली तथा संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। लोगों को दस्तक अभियान के अंतर्गत शामिल 12 प्रमुख संचारी रोगों के लक्षण, बचाव एवं समय पर उपचार के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
विनोबा नगर क्षेत्र में भ्रमण के दौरान कुछ लोगों में खांसी एवं जुकाम के लक्षण मिलने पर उन्हें तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी गई। इसी दौरान क्षेत्रीय निवासी शरद त्रिपाठी के घर में लगे कूलर का निरीक्षण कर मच्छरों के लार्वा की जांच की गई तथा जलभराव रोकने की सलाह दी गई।
निरीक्षण के दौरान तारा देवी से आशा कार्यकर्ता की गतिविधियों, आभा आईडी तथा आयुष्मान भारत कार्ड की प्रगति की जानकारी ली गई। वहीं राजेन्द्र के परिवार से आयुष्मान कार्ड की पात्रता के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा वितरित किए जा रहे जागरूकता प्रपत्रों का भी निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने विनोबा नगर एवं शिवकटरा में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के उपायों पर चर्चा की। साथ ही बच्चों एवं अभिभावकों को बारिश के मौसम में जलभराव से पनपने वाले मच्छरों तथा संचारी रोगों से बचाव के संबंध में जागरूक करते हुए प्रचार सामग्री वितरित की गई।
डॉ. रेनू जोशी ने शिवकटरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र एवं एएनएम सीमा सिंह द्वारा संचालित टीकाकरण सत्र का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि क्षेत्र में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई एवं माइक्रोप्लान के अनुसार साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है। पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को पशु बाड़े आबादी से बाहर रखने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं कृषि रक्षा विभाग द्वारा स्क्रब टाइफस जैसी बीमारियों से बचाव एवं चूहों व अन्य कृन्तकों से होने वाले संक्रमण के संबंध में जानकारी दी गई।
अभियान के तहत शहरी क्षेत्रों में सोर्स रिडक्शन, इंडोर स्पेस स्प्रे, लार्वानाशी दवा का छिड़काव तथा नालियों में लार्वीसाइडल स्प्रे कराया गया। साथ ही एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों से घरों एवं आसपास जलभराव न होने देने, पानी एकत्रित स्थानों को साफ रखने, आवश्यकतानुसार जले हुए मोबिल ऑयल अथवा केरोसीन का प्रयोग करने, मच्छररोधी क्रीम लगाने तथा पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने की अपील की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि संचारी रोगों से संबंधित किसी भी सूचना अथवा सहायता के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 पर संपर्क करें। इसके अतिरिक्त नगर निगम कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 0512-2526005 पर भी सूचना देकर आवश्यक सहायता प्राप्त की जा सकती है। सम्बन्धित सूचना प्राप्त होने पर विभागीय टीम द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
