कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं की विभागवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यापार मंडलों से प्राप्त सभी समस्याओं का संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि व्यापार बंधु की बैठकों में उठाए गए प्रकरणों की संबंधित विभाग नियमित समीक्षा करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़ी सड़क, बिजली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। यदि किसी समस्या के निस्तारण में कोई बाधा आती है तो बैठक की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके।
बैठक में व्यापारियों ने शास्त्री नगर गुमटी नंबर-5 बाजार में पिंक टॉयलेट की आवश्यकता का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को उसी दिन स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने मकड़ीखेड़ा, पत्रकारपुरम क्षेत्र में खुले नाले तथा कानपुर-शुक्लागंज पुल के साथ सर्विस रोड निर्माण की मांग रखी। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण तथा नगर निगम को नाले की समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।
बैठक में व्यापारियों ने सिंचाई विभाग की बहुमूल्य भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत उठाते हुए बताया कि इस संबंध में सहायक अभियंता सिंचाई विभाग विनोद कुमार को पूर्व में अवगत कराया गया था, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए श्री विनोद कुमार के विरुद्ध लापरवाही के लिए कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही बिना पूर्व अनुमति बैठक में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।
व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में बड़े हो चुके पेड़ों की छंटाई न होने की शिकायत की, जबकि नगर निगम के अधिशासी अभियंता जोन-1 द्वारा छंटाई किए जाने की आख्या प्रस्तुत की गई थी। व्यापारियों द्वारा मौके पर कार्य न होने की जानकारी देने पर जिलाधिकारी ने गलत आख्या प्रस्तुत करने पर नगर निगम के संबंधित अधिशासी अभियंता जोन-1 के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा मौके पर जांच कर जिम्मेदारी तय करने को कहा।
बैठक में व्यापारियों ने कृषि उत्पादों पर लागू वाहन टैगिंग व्यवस्था को वापस लेने तथा दो माह की परीक्षण अवधि में किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई अथवा पेनाल्टी न लगाए जाने की मांग रखी। साथ ही गेट पास की समय सीमा पर पुनर्विचार करने का सुझाव दिया। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन से प्राप्त निर्देशों का पूर्ण अनुपालन कराया जाएगा।
व्यापारियों ने किदवई नगर मार्बल मार्केट से के-ब्लॉक किदवई नगर तथा यशोदा नगर से हमीरपुर रोड तक प्रस्तावित सीएम ग्रिड की दोनों सड़कों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने का अनुरोध किया, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
व्यापारियों ने वर्ष 2023 में केस्को के बिजली तारों के कारण कोपरगंज रेडीमेड एवं होजरी बाजार स्थित अर्जन कॉम्प्लेक्स में हुई अग्निकांड की घटना का उल्लेख करते हुए बाहर निकले बिजली के तारों को भूमिगत कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने केस्को के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देश दिए कि व्यापारियों के निर्माण कार्यों से संबंधित अब तक तैयार किए गए सभी प्रस्तावों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि उनकी प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री आलोक गुप्ता, डीसीपी ट्रैफिक श्री रविन्द्र कुमार, विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
