- 22 नवंबर से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
कानपुर। जनपद में 22 नवंबर 2026 से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से शनिवार को काशीराम चिकित्सालय से पोलियो जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में डीटीओ, डीआईओ, एनयूएचएम नोडल अधिकारी, डीएसओ, अर्बन आरआई नोडल अधिकारी, एडीआईओ, डीपीएम, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर, प्रोग्राम ऑफिसर जेएसआई अर्बन हेल्थ प्रोग्राम्स सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जागरूकता रैली काशीराम चिकित्सालय से प्रारंभ होकर रामादेवी चौराहा होते हुए मनोज इंटरनेशनल तक गई। इसके बाद वापस काशीराम चिकित्सालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से आमजन को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने तथा अभियान में सक्रिय सहभागिता करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि 22 नवंबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय के लोगों से अभियान में सहयोग करने तथा पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने जनसामान्य से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
