भीषण गर्मी का मौसम अपने साथ कई स्वास्थ्य चुनौतियां लेकर आता है। जैसे-जैसे पारा चढ़ता है, हमारे शरीर का कूलिंग सिस्टम संघर्ष करने लगता है। ऐसे में सीने में जलन, लू के कारण बुखार और अचानक चक्कर आना बहुत आम बात हो गई है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई और जीवनशैली में छुपे कुछ छोटे-छोटे बदलाव आपको इन समस्याओं से पूरी तरह निजात दिला सकते हैं? आइए जानते हैं कि इस तपती गर्मी में अपने पेट को ठंडा और शरीर को ऊर्जावान कैसे रखें।
सीने में जलन और एसिडिटी का रामबाण इलाज
गर्मी में तेल-मसाले वाला खाना पचने में भारी होता है, जिससे पेट में एसिड बनता है और छाती में जलन होने लगती है। अगर सीने में जलन महसूस हो, तो आधा गिलास ठंडा दूध धीरे-धीरे पिएं। यह एसिड को तुरंत बेअसर करता है। खाना खाने के बाद सौंफ और मिश्री का सेवन करें। इसकी तासीर ठंडी होती है और यह पाचन क्रिया को दुरुस्त रखता है।
बुखार और लू से बचाव
शरीर का तापमान बढ़ना या ‘हीट स्ट्रोक’ के शुरुआती लक्षण बुखार के रूप में दिखते हैं। कच्चे आम का पन्ना विटामिन-सी से भरपूर होता है और शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में सबसे कारगर है। यह आपको लू लगने से बचाता है।आयुर्वेद के अनुसार, गर्मी में बाहर निकलने से पहले या बाद में प्याज का रस हाथ-पैरों के तलवों पर मलने या इसे आहार में शामिल करने से लू का असर खत्म हो जाता है।
चक्कर आने की समस्या होगी दूर
अत्यधिक पसीने के कारण शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है, जिससे बीपी लो होना और चक्कर आना शुरू हो जाता है। दिनभर में कम से कम 2 बार नींबू पानी या ओआरएस का घोल लें। यह शरीर में नमक और चीनी के संतुलन को बनाए रखता है। आप रोजाना एक नारियल पानी जरूर पीएं। इससे चक्कर आने की समस्या से छुटकारा मिल सकता है।
