- खिलाड़ियों की उपलब्धियों का तैयार होगा रिकॉर्ड, सालभर खेल गतिविधियों के आयोजन पर जोर
कानपुर। जनपद में खेल प्रतिभाओं की पहचान, उन्हें प्रोत्साहन देने और ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला प्रशासन कार्ययोजना तैयार करेगा। जनपद के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की उपलब्धियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करने के साथ खेल प्रतियोगिताओं का वार्षिक कैलेंडर भी बनाया जाएगा। मंगलवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने जिला खेल प्रोत्साहन समिति तथा युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए इस संबंध में निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में खेलों के विकास के लिए उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाए। इसमें खेल संबंधी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की कार्ययोजना शामिल हो। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक ग्रामीण स्टेडियम की स्थापना का प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने क्रीड़ा विभाग एवं युवा कल्याण विभाग को आपसी समन्वय से खेल प्रतियोगिताओं का वार्षिक कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की प्रोफाइलिंग की जाए। राज्य, राष्ट्रीय एवं अन्य स्तरों पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों का विवरण संकलित कर उनकी उपलब्धियों को व्यापक पहचान दिलाई जाए। इससे नई खेल प्रतिभाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने युवक मंगल दलों को अधिक सक्रिय बनाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को इनसे जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण युवाओं की खेलकूद, सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में युवा उत्सव, युवा केंद्र योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी अमित सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी करमवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
