वोट देकर आइए, Free पोहा-जलेबी खाइए

देश के सबसे साफ-सुथरे शहर इंदौर की मशहूर चाट-चौपाटी ‘56 दुकान’ के दुकानदारों ने आगामी विधानसभा चुनावों में मतदान को बढ़ावा देने के लिए अनोखी पहल की है. दुकानदारों ने घोषणा की है कि मतदान के दिन यानी 17 नवंबर को वोट डालने वाले हर उस व्यक्ति को इस चाट-चौपाटी में पोहे-जलेबी का मुफ्त नाश्ता कराया जाएगा, जो उन्हें अपनी उंगली पर लगा अमिट स्याही का निशान दिखाएगा.

‘56 दुकान व्यापारी संघ’ की पहल

‘56 दुकान व्यापारी संघ’ के अध्यक्ष गुंजन शर्मा ने कहा, ‘स्वच्छता के पैमानों पर इंदौर देशभर में पहले पायदान पर है. हम चाहते हैं कि हमारा शहर मतदान के मामले में भी अव्वल रहे. इसके लिए हमने वोट देकर आने वाले मतदाताओं को मुफ्त पोहा-जलेबी खिलाने का फैसला किया है.’

10 प्रतिशत की खास छूट 

शर्मा ने बताया कि ‘56 दुकान’ चाट-चौपाटी में मतदाताओं के लिए मुफ्त पोहे-जलेबी की पेशकश 17 नवंबर को सुबह नौ बजे तक रहेगी और इसके बाद हर मतदाता को पूरे दिन पोहा-जलेबी की कीमत में 10 प्रतिशत की खास छूट दी जाएगी. भारतीय खाद्य सुरक्षा नियामक (FSSAI) ने संबंधित पैमानों पर खरा उतरने के कारण ‘56 दुकान’ को ‘क्लीन स्ट्रीट फूड हब’ का दर्जा दे रखा है. इस चाट-चौपाटी पर स्वाद के शौकीनों का हमेशा जमावड़ा लगा रहता है और सप्ताहांत में यहां खासी भीड़ होती है.

चटखारों के साथ चुनावी मुद्दों पर चर्चा

विधानसभा चुनावों की सरगर्मियों के दिनों-दिन जोर पकड़ने के बीच इन दिनों ‘‘56 दुकान‘’ में पकवानों के चटखारों के साथ ही चुनावी मुद्दों पर चर्चाएं भी खूब हो रही हैं. ‘56 दुकान’ पहुंचने वाले ज्यादातर स्थानीय मतदाताओं का मानना है कि शहर की बरसों से बदहाल यातायात व्यवस्था में सुधार बेहद जरूरी है और सूबे की अगली सरकार को इसके लिए ठोस कदम उठाने चाहिए.

इंदौर के लोगों की डिमांड

युवा मतदाता अंकित यादव ने कहा, ‘इंदौर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया जाना चाहिए. खासकर चौराहों पर कई लोग यातायात नियम तोड़ते हैं, जिससे जानलेवा हादसों का खतरा बना रहता है.’ वर्ष 2018 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान इंदौर के शहरी इलाके की पांच सीटों पर कुल 14.72 लाख मतदाता मतदान के लिए पात्र थे और यहां औसतन 67% मतदान हुआ था. मौजूदा विधानसभा चुनावों की बात करें तो शहर के इन पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 15.55 लाख लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बड़ी बेकरारी से मतदान की तिथि आने का इंतजार कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
कॉकपिट खोला, हनुमान चालीसा पढ़ने लगा...PM मोदी से फोन पर बात कर कैप्‍टन स्मित ने सुनाई पूरी कहानी, को-पायलट ने की थी प्‍लेन क्रैश करने की कोशिश | क्या यही PDA है...राज्यसभा कैंडिडेट्स के नाम को लेकर सपा पर बरसीं मायावती, बोलीं- सांसद-विधायक परिवार और पूंजीपतियों से बनाती है |      इजरायल के बाद अब UAE ने भी Flydubai हमले को बताया 'टेररिस्ट एक्ट', 180 लोगों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छार के जज्बे को किया सलाम | Gandhi Jayanti: बापू के आदर्शों से मजबूत भारत का निर्माण हो, बोलीं Mamata Banerjee ........... Lucknow में Gandhi Jayanti पर बोले CM Yogi, बापू और Shastri जी के आदर्शों से बनेगा विकसित भारत
Advertisement ×