- मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, आश्रित परिवार भी होंगे लाभान्वित
कानपुर। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के साथ कानपुर नगर के 11,484 शिक्षक एवं शिक्षा कार्मिकों और उनके आश्रितों को ₹5 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। योजना से जनपद के 5,936 शिक्षक, 1,968 शिक्षामित्र, 122 अनुदेशक, 20 विशेष शिक्षक (सीडब्ल्यूएसएन) तथा 3,438 रसोइये लाभान्वित होंगे।
बुधवार को मर्चेंट चेंबर हॉल में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने शिक्षकों को योजना के कार्ड वितरित किए। इससे पूर्व वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। मर्चेंट चेंबर के साथ बिल्हौर, घाटमपुर और नरवल तहसील में भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित कर कार्ड वितरित किए गए।
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों की समस्याओं और आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील है। लंबे समय से शिक्षकों की मांग रही कैशलेस चिकित्सा योजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साकार किया है। पूर्व की सरकारों ने शिक्षकों की चिंता नहीं की, जबकि वर्तमान सरकार ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने के बाद अब शिक्षकों एवं शिक्षा कार्मिकों के परिवारों को उपचार की चिंता से मुक्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के 12 लाख से अधिक शिक्षक एवं शिक्षा कार्मिक योजना से लाभान्वित होंगे और इसके संचालन पर राज्य सरकार लगभग ₹450 करोड़ व्यय करेगी।
उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। सरकार डीबीटी के माध्यम से सीधे अभिभावकों के खातों में सहायता राशि उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अभिभावकों से धनराशि का उपयोग बच्चों की निर्धारित शैक्षिक आवश्यकताओं के लिए करने तथा शिक्षकों से स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत विद्यालय से बाहर प्रत्येक बच्चे का नामांकन सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं अन्य आवश्यक सामग्री हेतु प्रति छात्र ₹1,200 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से जारी की गई। इसके लिए ₹1,300 करोड़ से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा भारतीय स्टेट बैंक के साथ किए गए एमओयू के तहत शिक्षकों को ₹30 लाख से ₹80 लाख तक का बीमा सुरक्षा कवर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। दुर्घटना की स्थिति में परिवार को आर्थिक सुरक्षा के साथ बच्चों की शिक्षा और पुत्री के विवाह जैसी आवश्यकताओं में भी सहायता का प्रावधान है।
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र कार्मिकों को विशेष पोर्टल पर स्वयं एवं अपने आश्रितों का विवरण दर्ज करना होगा। खंड शिक्षा अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के स्तर से सत्यापन और ई-केवाईसी के बाद कैशलेस चिकित्सा कार्ड जनरेट होगा।
कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक महेश त्रिवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण,श्री सुरेंद्र अवस्थी, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए।
इस अवसर पर एडी बेसिक शिवेंद्र प्रताप सिंह, डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी, एडीआईओएस प्रशांत कुमार द्विवेदी, बीएसए हरिओम सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
