जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने घाटमपुर तहसील में सुनीं जनसमस्याएं

  •  गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शनिवार को घाटमपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 214 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। अन्य मामलों में संबंधित अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादियों को वास्तविक राहत मिले। लोगों को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित सर्वाधिक 111 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग के 43, विकास विभाग के 18, नगर पालिका के 11, विद्युत विभाग के 10 और आपूर्ति विभाग के 6 प्रार्थना पत्र आए। जल निगम, पीडब्ल्यूडी एवं समाज कल्याण विभाग से संबंधित चार-चार तथा बैंक से संबंधित तीन प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।

संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व अभिलेखों से संबंधित कई समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। ग्राम कटर निवासी गणेश कुमार की खतौनी में बालिग दर्ज कराने संबंधी प्रकरण में आवश्यक संशोधन कर संशोधित खतौनी उपलब्ध कराई गई। ग्राम चिन्दकी निवासी हनीफ खां की खतौनी में पिता का नाम संशोधित किया गया। इसी प्रकार ग्राम सजेती निवासी गंगाप्रसाद की खतौनी में गलत दर्ज पते को दुरुस्त कराया गया।

वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित तीन प्रकरणों में ग्राम अमौली निवासी कैलाश सिंह, ग्राम आगापुर निवासी खातून पत्नी रहमान तथा ग्राम स्यौढ़ीललईपुर निवासी प्रमोद कुमार सिंह को अवगत कराया गया कि उनके आवेदनों पर ब्लॉक एवं जिला स्तर से आवश्यक कार्रवाई पूरी हो चुकी है। एनपीसीआई प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत पेंशन की धनराशि खाते में प्राप्त होने की संभावना है।

इसी क्रम में ग्राम पतारा निवासी सुशील कुमार के अंश संशोधन संबंधी प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की गई। बीमारी अनुदान से संबंधित दो प्रार्थना पत्रों पर जांच आख्या अग्रसारित की गई। वहीं आछी मोहाल उत्तरी घाटमपुर निवासी मुन्नी बेगम के परिवार रजिस्टर से संबंधित आवेदन पर ऑनलाइन कार्रवाई की गई।

जिलाधिकारी ने शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारी प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा फरियादियों को निस्तारण की जानकारी भी उपलब्ध कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
मां के अंतिम दर्शन पर छलका CM योगी का दर्द, कंधा देते हुए नम हुईं आंखें; बार-बार पोंछते दिखे आंसू .......... Akhilesh Yadav का कड़ा रुख, पक्षपाती अफसरों पर Election Commission से एक्शन की मांग | यूपी पुलिस से हुई बड़ी चूक! सहारनपुर के सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के जज की जगह ओवैसी को दे दिया गार्ड ऑफ ऑनर; VIDEO से लखनऊ तक मचा हड़कंप |      'सुना है आप चुनावी 'मनी'फेस्टो जारी करने वाले हैं?', अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तंज, कहा- न सरकार बनेगी, न वादा पूरा करने का प्रेशर रहेगा | मां की अर्थी को कंधा देकर निभाया पुत्रधर्म...CM योगी के लिए कुमार विश्वास का भावुक संदेश; आद्य शंकराचार्य से की तुलना
Advertisement ×