- कानपुर में विशेष अभियान के तहत श्री गुरुकृपा (SGK) मसाले और हरिकिशन मसाला यूनिट पर बड़ी कार्रवाई, करीब 4.5 लाख रुपये का माल किया जब्त
बीपीएस न्यूज़, विशेष संवाददाता
कानपुर। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश (लखनऊ) के आदेश पर तथा सहायक आयुक्त (खाद्य) II, कानपुर नगर के कुशल निर्देशन में शहर में मिलावटी व घटिया मसालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो अलग-अलग मसाला निर्माण यूनिटों पर ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई की, जिससे मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।

रामपुरम श्याम नगर: ‘श्री गुरुकृपा (SGK)’ मसाले की यूनिट पर कार्रवाई
टीम ने सबसे पहले रामपुरम श्याम नगर स्थित श्री गुरुकृपा (SGK) मसाले की निर्माण यूनिट पर छापा मारा। जांच के दौरान वहां बेहद अस्वस्थकर परिस्थितियां पाई गईं और मसालों का रखरखाव भी मानकों के अनुरूप नहीं था।
यहाँ निम्नलिखित बड़ी कार्रवाइयां की गईं: 1,050 किलोग्राम मिक्स अचार (Mixed Pickle) सीज: परिसर में 5-5 किलो के लगभग 210 डिब्बों में अस्वस्थकर स्थितियों में रखा गया रंगीन अचार मिला। टीम ने इसका नमूना (Sample) लिया और शेष 1049 किलोग्राम अचार को तुरंत सीज कर दिया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।
लेबलिंग में हेराफेरी (90 किलो रेड चिली पाउडर सीज): परिसर में मौजूद रेड चिली पाउडर के डिब्बों पर बैच नंबर आदि अनिवार्य जानकारियां गायब थीं। नियम उल्लंघन पर नमूना लेकर 90 किलोग्राम मिर्च पाउडर (कीमत लगभग 22,500 रुपये) सीज किया गया।
मिथ्या छाप (Misbranded) धनिया पाउडर: धनिया पाउडर के पैकेटों पर भी भ्रामक व गलत जानकारियां (मिथ्या छाप) पाई गईं। नमूना संकलित कर 40 किलोग्राम धनिया पाउडर (कीमत ₹8,000) जब्त किया गया।

घटिया मिर्च पाउडर व हल्दी: खराब गुणवत्ता की आशंका पर 264 किलोग्राम मिर्च पाउडर (कीमत ₹66,000) और संदेह के घेरे में आए 5 गत्तों में रखे 50 किलोग्राम हल्दी पाउडर (कीमत ₹22,000) का नमूना लेकर उन्हें सीज कर दिया गया।
4 बोरियों में बंद मिर्च की थैलियां जब्त: परिसर से 500 ग्राम के 240 पैकेटों में बंद कुल 120 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर (कीमत ₹36,000) का सैंपल लेकर पूरी खेप सीज की गई।
अपट्रान: ‘हरिकिशन मसाला यूनिट’ पर भी कसा शिकंजा
कार्रवाई के दूसरे चरण में खाद्य विभाग की टीम ने अपट्रान स्थित हरिकिशन के मसाला यूनिट परिसर में छापा मारा।
यहाँ मसालों में मिलावट का एक बड़ा खेल सामने आया:
चावल के रूप में मिला ‘एडल्टरेंट’ (अपमिश्रक): परिसर में मसालों के साथ-साथ मिलावट के लिए भारी मात्रा में चावल भंडारित पाया गया।
सैंपलिंग और जब्ती: टीम ने यहाँ से पिसा धनिया, पिसा मिर्च और एडल्टरेंट (चावल) सहित कुल 3 नमूने संग्रहित किए। इसके साथ ही 280 किलोग्राम पिसा धनिया (अनुमानित कीमत ₹28,000) सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने कहा- सभी एकत्रित नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSA), 2006 के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा।
