- जांच के लिए 2 सैंपल भेजे गए प्रयोगशाला
बीपीएस न्यूज़, विशेष संवाददाता
कानपुर। मिलावटखोरों और मानकों की अनदेखी करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) कानपुर नगर के कड़े निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने धनकुट्टी स्थित ‘राधा स्वामी ट्रेड लिंक’ का औचक निरीक्षण किया।

अचानक हुई इस छापेमारी से बाजार में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने परिसर में बिक्री के लिए रखी गई चाय की गुणवत्ता पर संदेह होने पर उसके दो अलग-अलग नमूने (सैंपल) संग्रहित किए। इन नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है।
इसके साथ ही, टीम ने मौके पर बची हुई शेष 535 किलोग्राम चाय को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। सीज की गई इस चाय की कुल अनुमानित कीमत 94,890 रुपये बताई जा रही है। खाद्य अधिकारियों ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए सीज किए गए माल को संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया है। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने कहा- कि नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
