- चार ब्लॉकों में सात दिसंबर तक चलेगा अभियान, 6.70 लाख पात्र लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य
कानपुर। जनपद के बिधनू, ककवन, बिल्हौर और चौबेपुर ब्लॉकों में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान बृहस्पतिवार को शुरू हुआ। बिधनू ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार कोरी ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज सचान ने भी दवा खाई।
ब्लॉक प्रमुख ने लोगों से अपील की कि फाइलेरिया जैसी गंभीर और लाइलाज बीमारी से बचाव के लिए निर्धारित दवा का सेवन जरूर करें। उन्होंने कहा कि जब स्वास्थ्यकर्मी दवा खिलाने घर आएं तो उनके सामने ही दवा का सेवन करें। दवा को लेकर किसी तरह के भ्रम या आशंका में न रहें। सभी लोग स्वयं दवा खाएं और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने में समुदाय की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि एमडीए अभियान सात दिसंबर तक चलेगा। इसके तहत चारों ब्लॉकों में कुल 6.70 लाख पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए 90 सुपरवाइजर और 1,084 दवा प्रदाताओं की तैनाती की गई है। इसके अलावा दो सदस्यीय 542 टीमें गठित की गई हैं। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पात्र लोगों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार एल्बेंडाजोल, डाईइथाइल कार्बामजीन और आइवरमेक्टिन दवाओं का सेवन कराएंगे।
उन्होंने बताया कि इस बार प्रवासियों, दवा सेवन से इनकार करने वाले लोगों और अब तक कभी फाइलेरिया रोधी दवा नहीं लेने वालों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जनपद के इन चारों ब्लॉकों में माइक्रोफाइलेरिया (एमएफ) की दर एक प्रतिशत से अधिक है।
जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह ने बताया कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को छोड़कर सभी पात्र व्यक्तियों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करना है। दवा खाली पेट नहीं खानी चाहिए। दवा सेवन के बाद उल्टी या चक्कर आने जैसी हल्की प्रतिक्रिया हो सकती है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसी प्रतिक्रिया शरीर में मौजूद फाइलेरिया के परजीवियों के नष्ट होने के कारण हो सकती है और सामान्यतः अपने आप ठीक हो जाती है। परेशानी अधिक होने पर आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें। ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) गठित की गई है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को फाइलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया। उनके प्रयासों की सराहना करते हुए ब्लॉक प्रमुख ने उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), हितधारक मंच (पीएसपी) के सदस्य, फाइलेरिया मरीज लक्ष्मी और स्वास्थ्य सखी किरण मौजूद रहीं। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने की शपथ ली।
स्वास्थ्य सखी किरण ने बताया कि वह अपने गांव को फाइलेरिया मुक्त देखना चाहती हैं। इसी उद्देश्य से पीएसपी से जुड़कर लोगों को बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं और दवा सेवन के लिए प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने फाइलेरिया मरीजों की परेशानियों को करीब से देखा है और चाहती हैं कि गांव के किसी अन्य व्यक्ति को इस बीमारी की पीड़ा न झेलनी पड़े।
पीएसपी सदस्यों ने दवा खाकर दिया जागरूकता का संदेश
अभियान के तहत चौबेपुर ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएएम), सहजाउरा उम्मेदपुर में पीएसपी सदस्यों की पहल पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां आशा कार्यकर्ता सीमा कमल सहित 38 लोग मौजूद रहे, जिनमें से 34 लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया।
बिधनू ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएएम), आउंधा में सीएचओ-पीएसपी सदस्य एवं राशन विक्रेता प्रियंका राजपूत ने दवा खाकर अभियान की शुरुआत की। यहां कुल 36 लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया।
इसी क्रम में चौबेपुर ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएएम), कुकरादेव में भी पीएसपी सदस्यों की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां ग्राम प्रधान विद्यासागर, सीएचओ कृष्णा, आशा कार्यकर्ता मिथलेश, कोटेदार महेश चंद्र, स्वास्थ्य सखी निर्मला और समूह अध्यक्ष प्रियंका सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान 12 लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया।
कार्यक्रमों में आशा कार्यकर्ताओं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), पाथ, प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई) तथा सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफॉर) के प्रतिनिधियों ने भी सहयोग किया।
