- दो समूह सखियों ने 110 लोगों को कराया फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन
कानपुर। जनपद के चार ब्लॉकों में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान में समुदाय की भागीदारी बढ़ाने और दवा सेवन से इनकार करने वाले लोगों को प्रेरित करने में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अहम भूमिका निभा रही हैं। ब्लॉक बिधनू के आम मगरासा गांव की समूह सखी समिता देवी ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा खाकर लोगों को जागरूक करने की पहल की। उनके प्रयासों से अब तक 35 लोग दवा सेवन के लिए प्रेरित हुए हैं। वहीं, चौबेपुर ब्लॉक के आम कुकरादेव गांव की स्वास्थ्य सखी निर्मला ने लगभग 75 लोगों को दवा का सेवन कराया है। इनमें छह ऐसे लोग शामिल हैं, जिन्होंने पहले कभी दवा नहीं खाई थी, जबकि 15 लोग दवा सेवन से इनकार कर रहे थे।
समिता देवी का कहना है कि किसी को सलाह देना आसान है, लेकिन उस पर स्वयं अमल करना अधिक जरूरी है। इसी सोच के साथ जब आशा कार्यकर्ता गांव में फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने पहुंचीं तो उन्होंने सबसे पहले खुद दवा खाई, ताकि उन्हें देखकर अन्य लोग भी बिना किसी झिझक के दवा का सेवन करें। वह बताती हैं कि गांव में कुछ लोग दवा खाने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे। ऐसे लोगों को उन्होंने समझाया कि अभी उनके आगे पूरी जिंदगी पड़ी है। यदि वे दवा नहीं खाएंगे और फाइलेरिया की चपेट में आ गए तो पैरों में सूजन जैसी समस्या हो सकती है, जिससे उन्हें जीवनभर परेशानी उठानी पड़ सकती है। उनकी समझाइश से कई लोग दवा सेवन के लिए राजी हो गए।
करीब दो माह पहले समिता देवी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) की बैठक में शामिल हुई थीं। बैठक में फाइलेरिया से बचाव को लेकर हुई चर्चा के बाद उन्हें महसूस हुआ कि स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के माध्यम से इस बीमारी के प्रति जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जा सकता है। गांव में फाइलेरिया के कई मरीजों को देखने के बाद उन्होंने अभियान से जुड़ने का निर्णय लिया। वह गांव में बैठकें आयोजित कर महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन के लिए समुदाय की भागीदारी बेहद जरूरी है। रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, कोटेदारों, जनप्रतिनिधियों और समुदाय के प्रभावशाली लोगों को अभियान से जोड़ा जा रहा है। आम मगरासा की समूह सखी का प्रयास सराहनीय है। स्वयं दवा का सेवन करने और 35 लोगों को प्रेरित करने से समुदाय में सकारात्मक संदेश पहुंचा है।
जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह ने बताया कि फाइलेरिया से बचाव के लिए निर्धारित आयु वर्ग के सभी पात्र लोगों को दवा का सेवन करना आवश्यक है। दवा स्वास्थ्यकर्मी के सामने ही खानी चाहिए। जानकारी के अभाव, भ्रांतियों और दुष्प्रभावों के डर से कुछ लोग दवा सेवन से इनकार कर देते हैं। ऐसे में समूह सखियां, आशा कार्यकर्ता, स्वयंसेवक और फाइलेरिया रोगी घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। समुदाय की सक्रिय भागीदारी से दवा सेवन के प्रति लोगों की झिझक दूर करने में मदद मिल रही है।
