- बिना वैध लाइसेंस के चल रहा था खाद्य पदार्थों का कारोबार, रूमा की फर्म का सैंपल फेल होने के बाद कसा गया शिकंजा; कारोबार बंद करने के निर्देश
कानपुर (बीपीएस न्यूज़ ब्यूरो)। जनपद में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पूर्व में रूमा स्थित एक फर्म से लिए गए विनेगर (एसिटिक एसिड) के नमूने के प्रयोगशाला जांच में फेल होने के बाद विभाग ने सप्लायर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टीपी नगर स्थित सप्लायर ‘पारीख एजेंसी’ के गोदाम पर औचक निरीक्षण कर भारी मात्रा में संदिग्ध स्टॉक को सीज किया है और बिना लाइसेंस कारोबार करने पर तत्काल रोक लगा दी है।
कैसे खुला मामला?
विभागीय जानकारी के अनुसार, पूर्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यूपीएसआईडीसी (UPSIDC) इंडस्ट्रियल एरिया, रूमा स्थित ‘कनिष्का ट्रेडर्स’ से विनेगर (एसिटिक एसिड) का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा था। जांच रिपोर्ट में यह नमूना मानकों पर खरा नहीं उतरा और फेल पाया गया। जांच पड़ताल में सामने आया कि इस माल की आपूर्ति टीपी नगर स्थित ‘पारीख एजेंसी’ से की गई थी।
गोदाम पर छापा और सैंपलिंग
सप्लाई चेन की तह तक जाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टीपी नगर स्थित पारीख एजेंसी के गोदाम पर अचानक छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान गोदाम परिसर में एसिटिक एसिड (विनेगर), सिट्रिक एसिड और कैरेमल कलर आदि भारी मात्रा में बिक्री के लिए भंडारित पाए गए। टीम ने मौके से गुणवत्ता की जांच के लिए कैरेमल कलर और विनेगर (एसिटिक एसिड) के एक-एक नमूने संग्रहित किए, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है।
6.72 लाख रुपये का माल सीज
नमूने लेने के बाद टीम ने गोदाम में मौजूद शेष 9,255 लीटर एसिटिक एसिड के स्टॉक को सीज कर दिया। सीज किए गए इस माल की अनुमानित बाजार कीमत 6,72,839 रुपये आंकी गई है। विधिक प्रक्रिया के तहत सीज किए गए स्टॉक को खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि जांच रिपोर्ट आने तक इसकी बिक्री या खुर्द-बुर्द न किया जा सके।
बिना लाइसेंस चल रहा था व्यापार, संचालन पर लगी रोक
निरीक्षण के दौरान एक और बड़ी अनियमितता सामने आई। जांच अधिकारियों ने जब फर्म के दस्तावेजों की पड़ताल की, तो पाया कि खाद्य कारोबारकर्ता के पास खाद्य व्यवसाय संचालित करने के लिए आवश्यक वैध खाद्य लाइसेंस (FSSAI License) ही नहीं था। इस गंभीर उल्लंघन पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कारोबारकर्ता को नोटिस जारी किया है और स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक वैध खाद्य लाइसेंस प्राप्त नहीं हो जाता, तब तक किसी भी प्रकार का खाद्य व्यवसाय न किया जाए।
विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य खाद्य कारोबारियों और मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
